स्पोर्ट्स और एथलीजर (Athleisure) ब्रांड Lululemon ने मंगलवार को घोषणा की कि भारत में उसका पहला स्टोर इस साल शरद ऋतु (Autumn) में नई दिल्ली के DLF Promenade मॉल में खोला जाएगा। यह स्टोर Tata CLiQ के साथ फ्रेंचाइज़ी (Franchise) समझौते के तहत शुरू किया जाएगा।
इस स्टोर में पुरुषों और महिलाओं के लिए हाई-परफॉर्मेंस (High-Performance) परिधान उपलब्ध होंगे, जो योग, पिलाटीज़, रनिंग, ट्रेनिंग, टेनिस, गोल्फ और रोजमर्रा के पहनावे (Everyday Wear) जैसी गतिविधियों के लिए डिजाइन किए गए हैं। इसके अलावा, स्टोर में ग्राहकों, ब्रांड एंबेसडर्स और स्थानीय फिटनेस समुदाय (Fitness Community) के लिए विभिन्न कार्यक्रम और एक्टिविटीज़ भी आयोजित की जाएंगी।
स्टोर लॉन्च के साथ ही Tata CLiQ अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Tata CLiQ Luxury और Tata CLiQ Fashion पर भी Lululemon के उत्पाद उपलब्ध कराएगा। इससे देशभर के ग्राहक ऑनलाइन भी इस ब्रांड के प्रोडक्ट खरीद सकेंगे।
Lululemon की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (EMEA) सारा क्लार्क (Sarah Clark) ने कहा, "भारत में Lululemon की शुरुआत हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि हम दुनिया भर में अपने ब्रांड का विस्तार कर रहे हैं। स्टोर लॉन्च की तैयारी के तहत हमने Tata CLiQ के साथ मिलकर नई दिल्ली के ग्राहकों और स्थानीय समुदाय के साथ मजबूत संबंध बनाए हैं। यहां ऐसे उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या है, जो तकनीकी नवाचार (Technical Innovation) और प्रीमियम स्टाइल वाले परफॉर्मेंस प्रोडक्ट्स की तलाश में रहते हैं। आने वाले महीनों में हम भारतभर के ग्राहकों का स्वागत करने और इस तेजी से बढ़ते बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने को लेकर उत्साहित हैं।"
Tata CLiQ के सीईओ गोपाल अस्थाना ने कहा, "भारत में Lululemon के लॉन्च के लिए उनके साथ साझेदारी करना हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। यह देश के ग्राहकों तक विश्व-प्रसिद्ध ब्रांड्स पहुंचाने की हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज भारतीय उपभोक्ता तेजी से एक्टिव लाइफस्टाइल अपना रहे हैं और ऐसे प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ रही है, जो बेहतर परफॉर्मेंस के साथ स्टाइल भी प्रदान करें। हमें विश्वास है कि भारतीय ग्राहक Lululemon के प्रोडक्ट्स और उसके 'कम्युनिटी-फर्स्ट' दृष्टिकोण से खुद को जोड़ पाएंगे। आने वाले महीनों में हम ब्रांड का पहला स्टोर खोलने के साथ-साथ Tata CLiQ के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इसे लॉन्च करेंगे और भारत में इसकी ओमनीचैनल (Omnichannel) मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।"
अपनी वैश्विक विस्तार (Global Growth Strategy) की रणनीति के तहत Lululemon लगातार नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। कंपनी वर्तमान में दुनिया के 30 से अधिक देशों और बाजारों में काम कर रही है और उत्तरी अमेरिका (North America), यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका (EMEA), एशिया-प्रशांत (Asia Pacific) तथा चीन (Mainland China) में उसकी मजबूत उपस्थिति है।
भारत में प्रवेश से पहले Lululemon ने इसी वर्ष पोलैंड, ग्रीस, हंगरी और रोमानिया में भी फ्रेंचाइज़ी पार्टनरशिप मॉडल के जरिए अपने कारोबार का विस्तार किया था।