वेकूल (WayCool) ने अपने मौजूदा निवेशक लाइट्रॉक (Lightrock) की भारतीय इकाई से 210 करोड़ (लगभग 22.7 मिलियन डॉलर) की फंडिंग जुटाई है। यह राशि राइट्स इश्यू के जरिए जुटाई गई है और करीब चार वर्षों में कंपनी की पहली बड़ी इक्विटी फंडिंग मानी जा रही है। यह जानकारी कंपनी की नियामकीय फाइलिंग्स से सामने आई है।
दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी के बोर्ड ने LR India Fund I S.a.r.l., SICAV-RAIF, जो लाइट्रॉक (Lightrock) से जुड़ा एक निवेश माध्यम है, को 3.92 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। ये शेयर ₹5,347 प्रति शेयर की कीमत पर जारी किए गए हैं।
साल 2015 में कार्तिक जयरामन और संजय दसारी (Karthik Jayaraman और Sanjay Dasari) द्वारा स्थापित WayCool एक फुल-स्टैक एग्रीटेक प्लेटफॉर्म है, जो किसानों को सीधे रिटेलर्स, फूड ब्रांड्स और संस्थागत खरीदारों से जोड़ने का काम करता है। कंपनी कृषि उत्पादों की सोर्सिंग, वितरण नेटवर्क प्रबंधन और फूड प्रोसेसिंग जैसी सेवाओं के माध्यम से फार्म-टू-मार्केट सप्लाई चेन को अधिक कुशल बनाने पर काम करती है।
इस फंडिंग से पहले कंपनी लगभग 183 मिलियन डॉलर की पूंजी जुटा चुकी है, जिसमें लाइट्रॉक (Lightrock) के अलावा International Finance Corporation, FMO और 57 Stars जैसे निवेशकों की भागीदारी रही है।
हालांकि हाल के समय में कंपनी के भीतर कुछ बदलाव भी हुए हैं। जुलाई 2024 में चेन्नई स्थित कंपनी ने मुनाफे की दिशा में बढ़ने के प्रयासों के तहत विभिन्न विभागों में 200 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की थी। इसके बाद दिसंबर 2024 में सह-संस्थापक संजय दासरी ने लगभग एक दशक बाद कंपनी से इस्तीफा दे दिया।
कंपनी ने पिछले दो वित्तीय वर्षों के अपने वार्षिक वित्तीय परिणाम भी दाखिल नहीं किए हैं। वित्त वर्ष 2023 में WayCool ने 1,251 करोड़ का राजस्व दर्ज किया था, जबकि कंपनी को 685 करोड़ का नुकसान हुआ था।
यह निवेश ऐसे समय में आया है जब भारत के एग्रीटेक सेक्टर में फिर से गतिविधियां बढ़ रही हैं। हाल के महीनों में Arya.ag, एग्रोस्टार और उन्नति जैसी कंपनियों ने भी नई फंडिंग जुटाई है या विलय और विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।