कंज्यूमर हेल्थ प्लेटफॉर्म मोज़ेक वेलनेस (Mosaic Wellness) ने 360 ONE Asset से 200 करोड़ रुपये (लगभग 21 मिलियन डॉलर) की नई फंडिंग जुटाई है। इस निवेश के साथ शुरुआती निवेशक Spring Marketing Capital ने आंशिक एग्जिट भी लिया है। कंपनी ने बताया कि जुटाई गई पूंजी का उपयोग कंज्यूमर हेल्थ और वेलनेस इकोसिस्टम में उभरते अवसरों में निवेश तेज करने के लिए किया जाएगा।
साल 2020 में स्थापित मोज़ेक वेलनेस (Mosaic Wellness) कई डिजिटल-फर्स्ट हेल्थ ब्रांड संचालित करती है, जिनमें Man Matters, Be Bodywise, Little Joys और Root Labs शामिल हैं। कंपनी बालों के स्वास्थ्य, बॉडी केयर, पोषण, फिटनेस और बच्चों के वेलनेस जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देती है और हर साल 60 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को सेवाएं देती है।
कंपनी के प्लेटफॉर्म पर 150 से अधिक डॉक्टरों का नेटवर्क मौजूद है, जिसके जरिए हर महीने एक लाख से ज्यादा कंसल्टेशन किए जाते हैं। Mosaic Wellness का कहना है कि वह पिछले एक साल से लाभदायक है और नई फंडिंग का उपयोग अपने प्लेटफॉर्म के विस्तार और कंज्यूमर हेल्थ बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
इस निवेश के साथ 360 ONE Asset कंपनी के निवेशकों की सूची में शामिल हो गया है, जहां पहले से Elevation Capital, Peak XV Partners, Z47 और Think Investments जैसे निवेशक मौजूद हैं। इस राउंड के बाद कंपनी द्वारा अब तक जुटाई गई कुल फंडिंग 84 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो Mosaic Wellness ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है। कंपनी की ऑपरेटिंग रेवेन्यू FY24 में 333 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 736 करोड़ रुपये हो गई, जबकि नेट लॉस 69% घटकर 12 करोड़ रुपये रह गया।