बेंगलुरु स्थित Confluxe ने प्री-सीड फंडिंग राउंड में 1.6 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस निवेश राउंड का नेतृत्व वेवमेकर पार्टनर्स (Wavemaker Partners) ने किया, जबकि क्रिसकोर कैपिटल (Kriscore Capital) ने भी इसमें भाग लिया। स्टार्टअप की स्थापना राजेश नारकर (Rajesh Narkar) और लुई कूके (Louis Coucke) ने की है। कंपनी वैश्विक फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड्स को भारतीय बाजार में प्रवेश और विस्तार करने में मदद करने के लिए एक टेक्नोलॉजी आधारित ऑपरेटिंग प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है।
कंपनी के अनुसार, जुटाई गई पूंजी का उपयोग शुरुआती ब्रांड साझेदारियां स्थापित करने, टेक्नोलॉजी और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने तथा ब्रांड ऑपरेशंस, कॉमर्स और ग्रोथ टीम का विस्तार करने में किया जाएगा। Confluxe का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए भारत में जटिल सप्लाई चेन, बिखरे हुए वितरण चैनल और उच्च पूंजी आवश्यकताओं जैसी चुनौतियों को हल करना है।
वहीं, जोधपुर स्थित NPrep ने सीड फंडिंग राउंड में 1.5 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस राउंड का नेतृत्व Lumikai ने किया, जबकि All In Capital, Velo Partners और DSP Group सहित अन्य निवेशकों ने भी भाग लिया।
प्रिंस कौशिक (Prince Kaushik), उत्कर्ष पालीवाल( Utkarsh Paliwal) और गौरव खुराना (Gourav Khurana) द्वारा 2024 में स्थापित NPrep नर्सिंग छात्रों और पेशेवरों के लिए AI आधारित स्किलिंग और प्लेसमेंट प्लेटफॉर्म विकसित कर रहा है। कंपनी इस नई पूंजी का उपयोग अपने AI लर्निंग प्लेटफॉर्म को मजबूत करने, परीक्षा-आधारित अध्ययन सामग्री बढ़ाने और देशभर में अधिक नर्सिंग उम्मीदवारों तक पहुंचने के लिए करेगी।
स्टार्टअप के अनुसार, उसका प्लेटफॉर्म टियर II और टियर III शहरों के छात्रों के लिए संरचित लर्निंग और प्लेसमेंट सहायता प्रदान करता है। लॉन्च के 10 महीनों के भीतर NPrep के प्लेटफॉर्म का उपयोग देशभर में 1 लाख से अधिक नर्सिंग पेशेवर कर चुके हैं, जिन्होंने 60 लाख मिनट से अधिक वीडियो कंटेंट देखा और 3.1 करोड़ से अधिक प्रैक्टिस प्रश्न हल किए।