ईवाई इंडिया (EY India) और इंडिया वेंचर एंड अल्टरनेटिव कैपिटल एसोसिएशन (Indian Venture and Alternate Capital Association) की रिपोर्ट PE/VC Agenda: India Trendbook 2026 के अनुसार, भारत का प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल (PE/VC) इकोसिस्टम 2025 में वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद मजबूत बना रहा। वर्ष 2025 में कुल 1,475 डील्स के जरिए 60.7 अरब डॉलर का निवेश हुआ, जो डील वैल्यू में 8% और डील वॉल्यूम में 9% की सालाना वृद्धि को दर्शाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, ग्रोथ और क्रेडिट निवेश में बढ़ोतरी से निवेश गतिविधि को गति मिली, जबकि स्टार्टअप सेगमेंट में भी 19% की बढ़ोतरी के साथ 767 डील्स दर्ज की गईं। सेक्टर के लिहाज से वित्तीय सेवाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, टेक्नोलॉजी और ई-कॉमर्स में सबसे ज्यादा निवेश हुआ, जो कुल निवेश का लगभग 72% रहा।
विवेक सोनी, पार्टनर और नेशनल लीडर (प्राइवेट इक्विटी सर्विसेज), EY इंडिया ने कहा कि 2025 भारत के PE/VC बाजार की मजबूती और परिपक्वता को दर्शाने वाला वर्ष रहा। हालांकि 2026 में नीतिगत अनिश्चितताओं और वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव के कारण निवेशकों का रुख कुछ सतर्क रह सकता है, लेकिन भारत के मजबूत आर्थिक आधार और ग्रोथ संभावनाओं के चलते लंबी अवधि का दृष्टिकोण सकारात्मक बना हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में एग्जिट गतिविधि भी मजबूत रही और 257 डील्स के जरिए 32.9 अरब डॉलर के एग्जिट दर्ज किए गए, जो अब तक के दूसरे सबसे बड़े स्तरों में से एक है। वहीं फंडरेजिंग गतिविधि में भी बड़ा उछाल देखने को मिला और कुल 23.2 अरब डॉलर की पूंजी जुटाई गई, जो 2024 के 9.8 अरब डॉलर से काफी अधिक है।