ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड एम्पेयर (Ampere) ने अपने एंट्री-लेवल पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया Reo VYB इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 69,499 रखी गई है। यह स्कूटर विशेष रूप से पहली बार ईवी खरीदने वाले ग्राहकों और शहरी यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी इसे वॉर्म व्हाइट, पेस्टल पर्पल, डार्क ग्रे और एक्वा मेटैलिक जैसे चार रंग विकल्पों में पेश कर रही है।
एम्पीयर रेओ वीवॉयबी (VYB Ampere Reo VYB) में लिथियम फेरो फॉस्फेट (LFP) बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 80 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करती है। यह एक लो-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसकी अधिकतम गति 25 किमी/घंटा है। मौजूदा नियमों के अनुसार इस स्कूटर को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी की लाइफ 1 लाख किलोमीटर तक हो सकती है।
ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के प्रबंध निदेशक विकास सिंह ने लॉन्च के दौरान कहा, “भारत के टियर-2 और टियर-3 शहर तेजी से ईवी नेटवर्क से जुड़ रहे हैं। लो-स्पीड स्कूटर्स की कम शुरुआती लागत और बढ़ती लास्ट-माइल डिलीवरी जरूरतों के कारण आने वाले समय में इनकी मांग और बढ़ेगी। रेओ वीवॉयबी (Reo VYB) इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए एक व्यावहारिक विकल्प है।”
फीचर्स की बात करें तो रेओ वीवॉयबी में कलर LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, प्रीमियम की-फोब के साथ की-लेस स्टार्ट, फ्रंट डिस्क ब्रेक, LED हेडलैंप और टेललैंप जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा स्कूटर में 24 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी मिलता है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे डैम्पर यूनिट दी गई है, जबकि पावर के लिए हब-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर का उपयोग किया गया है।
कंपनी के अनुसार, रेओ वीवॉयबी (Reo VYB) को देशभर में मौजूद 400 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स का समर्थन मिलेगा। स्कूटर पर 3 वर्ष या 30,000 किलोमीटर की वारंटी भी दी जा रही है।
एम्पेयर (Ampere) का मानना है कि रेओ वीवॉयबी अपनी किफायती कीमत, आसान उपयोग और कम परिचालन लागत के कारण भारत के उभरते ईवी बाजार में नए ग्राहकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।