BCG-IIA रिपोर्ट: भारत की InsurTech कंपनियों ने जुटाए 120 मिलियन डॉलर

BCG-IIA रिपोर्ट: भारत की InsurTech कंपनियों ने जुटाए 120 मिलियन डॉलर

BCG-IIA रिपोर्ट: भारत की InsurTech कंपनियों ने जुटाए 120 मिलियन डॉलर
भारत में 150 से अधिक InsurTech कंपनियां सक्रिय, कुल फंडिंग का 69% हिस्सा डिस्ट्रीब्यूशन में निवेश; वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 22%


भारत का InsurTech सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है। देश में अब 150 से अधिक InsurTech कंपनियां काम कर रही हैं, जिनका कुल मूल्यांकन 14.7 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। वित्त वर्ष 2025 में इस सेक्टर का राजस्व 1.4 अरब डॉलर से अधिक रहा, जो वित्त वर्ष 2021 के मुकाबले करीब पांच गुना है। यह जानकारी Boston Consulting Group (BCG) और India InsurTech Association (IIA) की छठी रिपोर्ट 'India InsurTech Landscape and Trends: Insurance in the Age of AI' में सामने आई है।

भारत में InsurTech सेक्टर की फंडिंग स्थिर

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक InsurTech सेक्टर में तीन साल की गिरावट के बाद 2025 में फंडिंग 9% बढ़कर 4.9 अरब डॉलर हो गई। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित InsurTech कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 50% रही, जबकि कुल सौदों में इनका हिस्सा 44% था। वहीं, भारत में InsurTech कंपनियों की फंडिंग लगभग 120 मिलियन डॉलर पर स्थिर रही। देश में कुल फंडिंग का 69% हिस्सा डिस्ट्रीब्यूशन यानी बीमा उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने से जुड़े कारोबार में गया। इसके मुकाबले वैश्विक स्तर पर डिस्ट्रीब्यूशन की हिस्सेदारी केवल 22% रही।

AI से प्रभावित हो रहे बीमा खरीदने के फैसले

रिपोर्ट में 16 शहरों के 1,200 से अधिक बीमाधारकों पर किए गए सर्वे के अनुसार, 27% ग्राहकों के बीमा खरीदने के फैसलों पर AI का प्रभाव पड़ा। हालांकि, इनमें से 79% ग्राहक अब भी किसी मानव सलाहकार की मदद लेना चाहते हैं। इसके अलावा, जिन ग्राहकों को क्लेम सेटलमेंट का बेहतर अनुभव मिला, उनमें से 82% ने उसी बीमा कंपनी से और उत्पाद खरीदने की इच्छा जताई। वहीं, 50% से अधिक ग्राहकों ने व्यक्तिगत ऑफर पाने के लिए अपना डेटा साझा करने की सहमति भी दी।

वैश्विक बीमा कंपनियों में AI का बढ़ता इस्तेमाल

रिपोर्ट के अनुसार, BCG के इंडेक्स में वैश्विक स्तर पर 53% बीमा कंपनियां अब AI के इस्तेमाल और उसके प्रभावी उपयोग के मामले में परिपक्व स्तर पर पहुंच चुकी हैं। एक साल पहले यह आंकड़ा 32% था। AI के बेहतर इस्तेमाल करने वाली कंपनियां अन्य कंपनियों के मुकाबले 2.5 गुना अधिक लाभ हासिल कर रही हैं।

रिपोर्ट में चार ऐसे प्रमुख क्षेत्र बताए गए हैं, जहां AI से बीमा कंपनियों को फायदा मिल रहा है। इनमें हेल्थ क्लेम, पॉलिसी रिन्यूअल, वेलनेस और डिस्ट्रीब्यूशन शामिल हैं। उदाहरण के तौर पर, हेल्थ क्लेम पेआउट में 3-7% तक की बचत, मोटर इंश्योरेंस रिन्यूअल में 5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी और सेल्स से जुड़े कामों में मैनेजरों के समय की 30% तक बचत शामिल है।

अंडरराइटिंग और क्लेम मैनेजमेंट में नए अवसर

रिपोर्ट के मुताबिक, बीमा सेक्टर में AI के इस्तेमाल की अगली बड़ी संभावनाएं अंडरराइटिंग, क्लेम मैनेजमेंट, पॉलिसी रिन्यूअल, ग्राहक सेवाओं और केयर से जुड़े क्षेत्रों में हैं। इन तकनीकों के इस्तेमाल से बीमा कंपनियां अपनी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, लागत कम करने और ग्राहकों को अधिक प्रभावी सेवाएं देने में सक्षम हो सकती हैं।

यह रिपोर्ट BCG के FinTech Control Tower, 2026 India InsurTech Customer Survey और 2026 Applied AI Index के आंकड़ों और विश्लेषण पर आधारित है।

डिस्ट्रीब्यूशन में निवेश पर भारत का विशेष फोकस

BCG India के पार्टनर केविन संघवी (Kevin Sanghvi) ने कहा, "भारत में InsurTech फंडिंग का करीब 70% हिस्सा डिस्ट्रीब्यूशन में जा रहा है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह केवल 22% है। टेक्नोलॉजी के जरिए ग्राहकों को जोड़ने, सेवाएं देने, पॉलिसी रिन्यूअल और फ्रंटलाइन ऑपरेशंस में आने वाली लागत और परेशानियों को कम किया जा सकता है। इसके साथ ही ग्राहकों को मानव सलाहकारों से मिलने वाली मदद भी जारी रखी जा सकती है।"

वहीं, India InsurTech Association के, को-फाउंडर सुभजीत मंडल (Subhajit Mandal) ने कहा, "रिपोर्ट के छह संस्करणों के बाद भारतीय InsurTech सेक्टर की कहानी वास्तविक प्रगति और तेजी से बढ़ते विकास को दर्शाती है।"


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities