एडटेक कंपनी byteXL ने Elevar Equity के नेतृत्व में 9 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है। कंपनी इस पूंजी का इस्तेमाल इंजीनियरिंग कॉलेजों में टेक्नोलॉजी और AI स्किलिंग का विस्तार करने, अपने लर्निंग प्लेटफॉर्म को मजबूत करने और दो साल में 5 लाख छात्रों तक पहुंच बनाने के लिए करेगी।
एडटेक कंपनी byteXL ने अपने लेटेस्ट फंडिंग राउंड में 9 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस राउंड का नेतृत्व Elevar Equity ने किया, जबकि मौजूदा निवेशकों Kalaari Capital और The Michael & Susan Dell Foundation ने भी हिस्सा लिया। कंपनी के अनुसार, नई फंडिंग से उसकी इंस्टीट्यूशनल पहुंच, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और AI आधारित लर्निंग क्षमताओं को विस्तार मिलेगा।
byteXL की यह फंडिंग जुलाई 2024 में जुटाए गए 5.9 मिलियन डॉलर के सीरीज A राउंड के बाद आई है। उस राउंड का नेतृत्व Kalaari Capital ने किया था और The Michael & Susan Dell Foundation भी इसमें शामिल था। नई पूंजी के जरिए कंपनी मार्केट एक्सपेंशन, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और नए इंडस्ट्री-अलाइन स्किलिंग प्रोग्राम पर निवेश करने की तैयारी कर रही है।
इंजीनियरिंग छात्रों के लिए AI और टेक स्किलिंग पर फोकस
byteXL की योजना अगले दो वर्षों में अपनी इंस्टीट्यूशनल पहुंच को 40 से बढ़ाकर 120 संस्थानों तक ले जाने की है। इसके साथ कंपनी करीब 2 लाख छात्रों की मौजूदा पहुंच को बढ़ाकर 5 लाख छात्रों तक करना चाहती है। यह विस्तार 15 राज्यों में किया जाएगा।
कंपनी इंजीनियरिंग कॉलेजों, खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों के संस्थानों के साथ काम करती है। इसका मॉडल छात्रों की नियमित एकेडमिक पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री-अलाइन करिकुलम, हैंड्स-ऑन लर्निंग, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और प्रशिक्षित एजुकेटर्स को जोड़ता है। इसका उद्देश्य छात्रों को डिग्री के साथ रोजगार के लिए जरूरी टेक्नोलॉजी और AI स्किल्स उपलब्ध कराना है।
AI आधारित लर्निंग और पर्सनलाइज्ड एजुकेशन में निवेश
फंडिंग का एक बड़ा हिस्सा AI-सक्षम लर्निंग और असेसमेंट, स्टूडेंट एनालिटिक्स और पर्सनलाइज्ड लर्निंग टूल्स के विकास पर खर्च किया जाएगा। कंपनी अपने टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म को मजबूत करने के साथ नए क्षेत्रों में विस्तार और अपने एजुकेटर नेटवर्क को बढ़ाने की भी योजना बना रही है। वहीं byteXL का कहना है कि पिछले वर्ष उसके 7,600 ग्रेजुएट्स को IT और इंजीनियरिंग भूमिकाओं में प्लेसमेंट मिला। कंपनी का मानना है कि कॉलेज के नियमित एकेडमिक प्रोग्राम के भीतर इंडस्ट्री-रेडी स्किलिंग को जोड़ने से छात्रों की एम्प्लॉयबिलिटी और करियर के अवसरों को मजबूत किया जा सकता है।
कंपनी के, को-फाउंडर करुण और श्रीचरण ताडेपल्ली ने कहा है कि अगले फेज में कंपनी का फोकस इंस्टीट्यूशनल फुटप्रिंट बढ़ाने, टेक्नोलॉजी और AI क्षमताओं को मजबूत करने तथा भारत के टेक्नोलॉजी एजुकेशन इकोसिस्टम में अपनी पहुंच बढ़ाने पर रहेगा।
इस विस्तार के साथ byteXL इंजीनियरिंग एजुकेशन, टेक्नोलॉजी स्किलिंग और रोजगार के बीच कनेक्शन को मजबूत करने पर फोकस कर रहा है। 120 संस्थानों और 5 लाख छात्रों तक पहुंच का लक्ष्य आने वाले दो वर्षों में कंपनी के लिए बड़े स्तर पर स्किलिंग डिलीवरी और अकादमिक साझेदारी को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।