आयरलैंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रीय ब्रांड Education in Ireland ने नई दिल्ली में अपने इंडिया एजुकेशन फेयर (India Education Fairs) की शुरुआत की। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत में आयरलैंड के राजदूत H.E. Kevin Kelly ने किया। नई दिल्ली के Shangri-La Eros में आयोजित इस कार्यक्रम में आयरलैंड की 17 प्रमुख यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों के प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया।
इस एजुकेशन फेयर में छात्रों और अभिभावकों को आयरलैंड में उच्च शिक्षा के विकल्पों के बारे में सीधे संस्थानों से जानकारी लेने का अवसर मिला। छात्रों ने टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, सस्टेनेबिलिटी, बिजनेस एंड फाइनेंस, आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज और उभरते क्षेत्रों में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम्स के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा स्कॉलरशिप, रिसर्च के अवसर, इंडस्ट्री ट्रेंड्स और छात्र जीवन से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
उद्घाटन के दौरान आयरलैंड के राजदूत Kevin Kelly ने कहा कि भारत और आयरलैंड के बीच शिक्षा, प्रतिभा और विचारों पर आधारित लंबे समय से साझेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्र आयरलैंड के कैंपस का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं और यह फेयर छात्रों को आयरलैंड में उपलब्ध प्रोग्राम्स, स्कॉलरशिप और करियर के अवसरों को समझने का मौका देता है।
फेयर के दौरान भारत और आयरलैंड के बीच उच्च शिक्षा सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। Transnational Education (TNE) पर एक विशेष द्विपक्षीय संवाद आयोजित किया गया, जिसमें 11 प्रमुख भारतीय यूनिवर्सिटीज के इंटरनेशनल ऑफिस प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें अशोका यूनिवर्सिटी, शिव नादर यूनिवर्सिटी, एसआरएम यूनिवर्सिटी सोनीपत और दिल्ली यूनिवर्सिटी शामिल हैं। चर्चा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, पार्टनरशिप मॉडल और छात्रों के बेहतर परिणामों के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों की क्षमता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार किया गया।
इसके अलावा आयरिश वीज़ा कार्यालय (Irish Visa Office) के एक अधिकारी ने छात्रों और अभिभावकों के लिए स्टूडेंट वीजा प्रक्रिया पर विशेष सेमिनार आयोजित किया। इसमें जरूरी दस्तावेज, आवेदन की समयसीमा और वित्तीय योजना से संबंधित जानकारी दी गई। छात्रों और एजुकेशन एजेंट्स को वीजा टीम से सीधे सवाल पूछने का अवसर भी मिला।
एजिकेशन इन आयरलैंड की रीजनल मैनेजर- एशिया और एमईएनए एलिज़ाबेथ मैकहेनरी ने कहा कि नई दिल्ली में इंडिया एजुकेशन फेयर की शुरुआत करना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि 17 आयरिश संस्थानों और वीजा विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने से छात्रों और परिवारों को उच्च शिक्षा से जुड़े फैसले लेने के लिए जरूरी जानकारी सीधे मिल सकेगी।
नई दिल्ली में आयोजित यह फेयर पांच शहरों की इंडिया एजुकेशन फेयर सीरीज का पहला चरण है। इसके बाद अक्टूबर में यह सीरीज पुणे, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जाएगी। इन फेयर्स का उद्देश्य आयरलैंड में पढ़ाई और रहने की योजना बना रहे छात्रों को विश्वसनीय और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना है।