नई दिल्ली स्थित लॉजिस्टिक्स कंपनी कार्गो मैटर्स (Cargo Matters) ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मदनपल्ले में एक एकीकृत इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और चार्जिंग हब स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। लगभग 100 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह प्रोजेक्ट भारत में भारी कमर्शियल मालवाहक वाहनों के विद्युतीकरण के लिए अपनी तरह का पहला समर्पित केंद्र बताया जा रहा है।
कंपनी ने इस परियोजना के लिए आंध्रप्रदेश इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्टर्कच कॉर्पोरेशन (Andhra Pradesh Industrial Infrastructure Corporation) को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) सौंपते हुए 18 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटन का अनुरोध किया है। प्रस्तावित हब में चार्जर निर्माण इकाई, भारी कमर्शियल वाहनों (HCV) के लिए रेट्रोफिटिंग सुविधा और इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन व चार्जिंग सिस्टम के परीक्षण और प्रमाणन के लिए अनुसंधान एवं विकास (R&D) केंद्र शामिल होंगे।
कुल निवेश में से लगभग ₹50 करोड़ विशेष रूप से भारी-भरकम इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में लगाए जाएंगे, जबकि शेष राशि मैन्युफैक्चरिंग उपकरण, रेट्रोफिटिंग संचालन और अनुसंधान इकाई पर खर्च की जाएगी। नियामकीय मंजूरी मिलने के 12 से 18 महीनों के भीतर पायलट संचालन शुरू करने और 24 महीनों के भीतर परियोजना को पूर्ण रूप से चालू करने की योजना है। इस परियोजना से राज्य में लगभग 1,000 प्रत्यक्ष और 3,000 अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
कंपनी के संस्थापक और चेयरमैन उमेश पदाला के अनुसार, यह सुविधा भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी परिवर्तन में एक महत्वपूर्ण कमी को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि जहां यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से विकसित हो रहा है, वहीं भारी मालवाहक क्षेत्र अभी भी परिवर्तन के शुरुआती चरण में है। मदनपल्ले में बनने वाला यह हब फ्लीट मालिकों को रेट्रोफिटिंग और समर्पित चार्जिंग नेटवर्क के माध्यम से इलेक्ट्रिफिकेशन का किफायती विकल्प प्रदान करेगा।
आंध्रप्रदेश इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्टर्कच कॉर्पोरेशन के निदेशक पी.एन. महेश ने कहा कि यह परियोजना आंध्र प्रदेश सस्टेनेबल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पॉलिसी 4.0 के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य राज्य को इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और सतत परिवहन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। मदनपल्ले की रणनीतिक स्थिति जो बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े कमर्शियल शहरों के बीच स्थित है, इसे लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक निवेश के लिए आकर्षक बनाती है।