मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया ने तमिलनाडु के चेन्नई में एयर कंडीशनर और कंप्रेसर निर्माण के लिए एक नई फैक्ट्री का उद्घाटन किया है, जो भारत में कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस फैक्ट्री का वर्चुअल उद्घाटन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु एम. के. स्टालिन ने जापान के महावाणिज्य दूत मुनेओ ताकाहाशी की मौजूदगी में पट्टिका का अनावरण कर किया।
चेन्नई में स्थापित इस यूनिट में करीब 2,100 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और यह लगभग 2,10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली हुई है। इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3 लाख इंडोर और आउटडोर रूम एयर कंडीशनर और 6.5 लाख कंप्रेसर यूनिट्स की है। इस परियोजना से 2,100 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
यह नया प्लांट पिछले दो वर्षों में भारत में मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया की दूसरी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है। इससे पहले कंपनी ने 2023 में पुणे में फैक्ट्री ऑटोमेशन सिस्टम्स प्लांट की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा, “चेन्नई तमिलनाडु की मैन्युफैक्चरिंग रीढ़ बना हुआ है, जहां एक मजबूत और विकसित औद्योगिक इकोसिस्टम मौजूद है। मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया की इस नई फैक्ट्री का उद्घाटन राज्य की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और भारत व दुनिया भर की कंपनियों को तमिलनाडु में टिकाऊ तरीके से विकास के अवसर देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
यह फैक्ट्री भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल के अनुरूप है और इससे एयर कंडीशनर व कंप्रेसर के आयात पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। साथ ही, यह स्थानीय सप्लायर इकोसिस्टम को मजबूत करेगी, स्थानीय सोर्सिंग को बढ़ावा देगी और वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग मानकों के अनुसार कौशल विकास को समर्थन देगी।
मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया के प्रबंध निदेशक अत्सुशी ताकासे ने कहा, “भारत में ऊर्जा-कुशल और उच्च गुणवत्ता वाले एयर कंडीशनिंग समाधानों की मांग तेज़ी से बढ़ रही है। यह फैक्ट्री स्थानीय स्तर पर उत्पादन के ज़रिए इस मांग को पूरा करने में मदद करेगी, साथ ही ग्राहकों की ज़रूरतों पर तेज़ प्रतिक्रिया और बेहतर गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।”
चेन्नई प्लांट में मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक के वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग सिद्धांतों और जापानी तकनीक पर आधारित डेटा-ड्रिवन और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाएँ अपनाई गई हैं। इससे रियल-टाइम मॉनिटरिंग, सटीक उत्पादन और लगातार गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने में मदद मिलती है।
इस फैक्ट्री को जिम्मेदार मैन्युफैक्चरिंग को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिसमें संसाधनों का बेहतर उपयोग, कचरे में कमी और कार्यस्थल सुरक्षा पर विशेष ज़ोर दिया गया है। यहां बने एयर कंडीशनर और कंप्रेसर भारत के बदलते ऊर्जा दक्षता मानकों के अनुरूप हैं, जो बढ़ती कूलिंग मांग के बीच देश के पर्यावरण और जलवायु लक्ष्यों को समर्थन देते हैं।
इस नई यूनिट के साथ, तमिलनाडु ने तकनीक-आधारित मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है, जिसे औद्योगिक बुनियादी ढांचे और नीतिगत पहलों का सहयोग प्राप्त है।