इन-ऐप कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म CometChat ने अपने मौजूदा निवेशक Run Ventures के नेतृत्व में एक रणनीतिक फंडिंग राउंड में 6.5 मिलियन डॉलर (करीब 60 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। इस नए निवेश के बाद कंपनी की कुल फंडिंग 21.1 मिलियन डॉलर हो गई है और इसका उद्देश्य अपने नेक्स्ट-जेनरेशन AI एजेंट प्लेटफॉर्म के विकास को तेज करना है।
यह फंडिंग इससे पहले हुए 10 मिलियन डॉलर के Series A राउंड के बाद आई है।
कंपनी इस नई पूंजी का उपयोग अपनी AI क्षमताओं को बढ़ाने के लिए करेगी, खासकर वेलनेस और ब्यूटी, हेल्थकेयर, फाइनेंशियल सर्विसेज, हॉस्पिटैलिटी और फूड सर्विस जैसे क्षेत्रों में एंटरप्राइज उपयोग के लिए।
CometChat का तरीका पारंपरिक चैटबॉट से आगे जाता है। इसमें प्रोएक्टिव आउटबाउंड इंटेलिजेंस, मल्टी-एजेंट ऑर्केस्ट्रेशन और कस्टमर इंटेलिजेंस लेयर जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो वेब, SMS, WhatsApp और वॉइस जैसे प्लेटफॉर्म पर पर्सनलाइज्ड इंटरैक्शन प्रदान करती हैं।
अनुज गर्ग और अनंत गर्ग द्वारा स्थापित CometChat का संचालन डेनवर (अमेरिका) और मुंबई से होता है। यह एक फुल-स्टैक कन्वर्सेशनल प्लेटफॉर्म है, जो चैट, वॉइस, वीडियो, AI एजेंट्स, मॉडरेशन, नोटिफिकेशन और एनालिटिक्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। यह स्टार्टअप्स से लेकर बड़े ग्लोबल एंटरप्राइज तक के लिए समाधान प्रदान करता है।
CometChat के को-फाउंडर और सीईओ अनुज गर्ग ने कहा, “यह फंडिंग खास तौर पर हमारे AI प्लेटफॉर्म को आगे बढ़ाने के लिए की गई है। हमारा लक्ष्य उन सेक्टर्स पर ध्यान देना है जहां ज्यादा ट्रांजैक्शन होते हैं, जैसे वेलनेस, ब्यूटी, होम सर्विसेज, ई-कॉमर्स, हॉस्पिटैलिटी और फूड सर्विस, जहां बेहतर कस्टमर इंटरैक्शन से रिटेंशन और रेवेन्यू बढ़ता है।”
उन्होंने आगे कहा “पिछले 12 महीनों में हमने अपने प्लेटफॉर्म के जरिए 2 बिलियन से ज्यादा मैसेज प्रोसेस किए हैं और CometChat AI लॉन्च किया है, जिससे हम केवल कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर से AI एजेंट प्लेटफॉर्म की ओर बढ़े हैं।”
आने वाले 12 से 18 महीनों में, कंपनी का लक्ष्य AI डिप्लॉयमेंट को बढ़ाना, एंटरप्राइज मार्केट में अपनी पहुंच मजबूत करना और हेल्थकेयर और ई-कॉमर्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना है, जहां कस्टमर एंगेजमेंट बिजनेस ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।