हेल्थटेक कंपनी ekincare ने हैदराबाद में स्थित AI-आधारित SaaS कंपनी Superclaims का अधिग्रहण कर लिया है। हालांकि, इस सौदे की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है। साल 2024 में स्थापित Superclaims एक AI-संचालित क्लेम एडजुडिकेशन SaaS प्लेटफॉर्म है, जो हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम के आकलन और मूल्यांकन की प्रक्रिया को ऑटोमेट करता है।
अधिग्रहण के बाद Superclaims के, को-फाउंडर और सीईओ भाविश रामास्वामी और को-फाउंडर एंव सीटीओ मनीष दैथाला ekincare की व्यापक नेतृत्व टीम का हिस्सा बनेंगे और कंपनी के वरिष्ठ नेतृत्व को रिपोर्ट करेंगे। वहीं, Superclaims ब्रांड अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखेगा, लेकिन उसे ekincare के व्यापक प्लेटफॉर्म और वितरण नेटवर्क का लाभ मिलेगा।
इस अधिग्रहण पर टिप्पणी करते हुए ekincare के, को-फाउंडर औऱ सीईओ किरण कालाकुंटला ने कहा, "अब तक स्वास्थ्य सेवाओं का विकास अलग-अलग हिस्सों में हुआ है। नियोक्ता कर्मचारी लाभों का प्रबंधन करते हैं, स्वास्थ्य सेवा प्रदाता इलाज देते हैं, जबकि बीमा कंपनियां और थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (TPA) अलग-अलग तरीके से क्लेम का निपटारा करते हैं। हमारा मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का भविष्य इन सभी प्रणालियों को बुद्धिमत्तापूर्ण तकनीक के माध्यम से जोड़ने में है। Superclaims हमारे प्लेटफॉर्म में बीमा से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ता है, जिससे हम ऐसा डिजिटल हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर सकते हैं जो नियोक्ताओं, कर्मचारियों, अस्पतालों, बीमा कंपनियों और TPA सहित सभी हितधारकों की जरूरतों को पूरा करे। इससे हम केवल हेल्थकेयर बेनिफिट्स तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि एक पूरी तरह से जुड़ा हुआ हेल्थकेयर इकोसिस्टम तैयार करेंगे।"
साल 2015 में स्थापना के बाद से ekincare अब तक 10 फंडिंग राउंड के जरिए 2.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर (USD 22 मिलियन) जुटा चुकी है। कंपनी को MSD IDEA Studio Asia Pacific, HealthQuad, Sabre Partners, Eight Roads Ventures, Ventureast, Siana Capital और Endiya Partners जैसे प्रमुख निवेशकों का समर्थन प्राप्त है।