Flipkart ने घोषणा की है कि कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल से अधिक समय तक कंपनी से जुड़े रहने के बाद सीईओ का पद छोड़ रहे हैं। कंपनी के बयान के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्तों में उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा की जाएगी। तब तक कंपनी के चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बालाजी त्यागराजन और बोर्ड अंतरिम रूप से संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कल्याण कृष्णमूर्ति ने वर्ष 2013 में Tiger Global में काम करने के बाद Flipkart में अंतरिम चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के रूप में अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद जनवरी 2017 में उन्हें कंपनी का सीईओ बनाया गया। वर्ष 2018 में Walmart ने 16 अरब डॉलर में Flipkart की लगभग 77 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली थी। उसी साल नवंबर में को-फाउंडर बिन्नी बंसल के इस्तीफे के बाद कृष्णमूर्ति ने पूरे Flipkart Group की जिम्मेदारी संभाली। कंपनी के अनुसार, उनके नेतृत्व में कारोबार पांच गुना से अधिक बढ़ा है।
Walmart की भारत इकाई में भी हो रहे हैं बड़े बदलाव
कल्याण कृष्णमूर्ति का पद छोड़ना ऐसे समय में हुआ है, जब Walmart की भारतीय इकाई में भी वरिष्ठ स्तर पर कई बदलाव हो रहे हैं। कंपनी की ओर से जारी बयान में उनके पद छोड़ने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई है। Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, इस घोषणा में aउनके उत्तराधिकारी के नाम का उल्लेख नहीं किया गया था। हालांकि, कंपनी ने अंतरिम नेतृत्व की व्यवस्था स्पष्ट कर दी है। वहीं, Flipkart की संभावित IPO लिस्टिंग को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं, लेकिन अभी तक लिस्टिंग की कोई तारीख घोषित नहीं की गई है।
Walmart के CEO ने की कल्याण कृष्णमूर्ति के योगदान की सराहना
Walmart International के प्रेसिडेंट और सीईओ क्रिस निकोलस ने कहा, "Flipkart और Walmart दोनों ही कल्याण के नेतृत्व में बेहतर बने हैं। हम उनके अगले सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"
वहीं, पद छोड़ने पर कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा, "Flipkart की यात्रा का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मजबूत नैतिकता, ईमानदारी और उच्च स्तर के गवर्नेंस मानक Flipkart की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।"