इस साझेदारी के तहत कंटेंट क्रिएटर्स अब अपने फेसबुक पोस्ट और रील्स में फ्लिपकार्ट और मिंत्रा (Myntra) के उत्पादों को खोज सकेंगे, उन्हें प्रदर्शित कर सकेंगे और सीधे टैग भी कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, क्रिएटर्स द्वारा टैग किए गए उत्पादों के जरिए होने वाली प्रत्येक सफल बिक्री पर उन्हें कमीशन मिलेगा। वहीं, उपभोक्ता पोस्ट या रील में दिए गए प्रोडक्ट टैग पर क्लिक करके बिना किसी अतिरिक्त प्रक्रिया के सीधे खरीदारी कर सकेंगे।
इस सुविधा की शुरुआत सबसे पहले फेसबुक पर की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इसे इंस्टाग्राम पर भी शुरू किया जाएगा।
फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) रवि अय्यर ने कहा कि दो वर्ष पहले फ्लिपकार्ट ने महसूस किया था कि जेनरेशन Z (Gen Z) भारत में रिटेल खरीदारी के तरीके को बदल रही है। अब उपभोक्ता उत्पादों की खोज सर्च बार की बजाय सोशल मीडिया फीड्स के माध्यम से कर रहे हैं और कंटेंट क्रिएटर्स नए डिजिटल स्टोरफ्रंट के रूप में उभर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मेटा के साथ यह साझेदारी उसी सोच का स्वाभाविक विस्तार है। इससे क्रिएटर्स को अपने प्रभाव को उद्यमिता में बदलने का सीधा अवसर मिलेगा, जबकि ब्रांड्स को ऐसे कंटेंट के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिलेगा जो विज्ञापन की बजाय अधिक वास्तविक और भरोसेमंद महसूस होता है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल कॉमर्स का बढ़ता चलन ई-कॉमर्स उद्योग को नई दिशा दे रहा है। फ्लिपकार्ट और मेटा की यह साझेदारी कंटेंट, क्रिएटर्स और ऑनलाइन शॉपिंग को एक मंच पर लाकर उपभोक्ताओं के खरीदारी अनुभव को और अधिक सहज और आकर्षक बना सकती है।