आईवियर कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशन (Lenskart Solutions) ने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) में शानदार वित्तीय परफॉरमेंस दर्ज किया है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 6,983% उछलकर 1.85 करोड़ रुपये से बढ़कर 131.02 करोड़ रुपये हो गया। यह लाभ होल्डिंग कंपनी के शेयरधारकों को आवंटित है।
गुरूग्राम मुख्यालय वाली कंपनी की संचालन से आय Q3FY26 में ₹2,308 करोड़ रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 1,669 करोड़ के मुकाबले 38% अधिक है। कंपनी के शेयर बाजार में 10 नवंबर 2025 को सूचीबद्ध होने के बाद यह दूसरी तिमाही आय रिपोर्ट है।
कंपनी के कुल खर्च तिमाही के दौरान 2,163 करोड़ रुपये रहे, जो Q2FY26 के 1,980 करोड़ और पिछले वर्ष की समान अवधि के ₹1,690 करोड़ की तुलना में क्रमशः 9% और 28% अधिक हैं। खर्च में कच्चा माल, घटक, कर्मचारी लाभ और वित्तीय लागत प्रमुख रहे।
कंपनी ने अपने नियामकीय फाइलिंग में बताया कि राजस्व वृद्धि का मुख्य कारण बिक्री मात्रा में विस्तार और नए ग्राहकों की बढ़ोतरी रही। भारत में कारोबार 40.4% सालाना दर से बढ़ा, जबकि अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में 33% की वृद्धि दर्ज की गई।