होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने भारत को अपने भविष्य के विकास के लिए शीर्ष तीन प्रमुख बाजारों में शामिल करते हुए वर्ष 2030 तक 10 से अधिक नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बनाई है। कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन (EV), कॉम्पैक्ट SUV और मिड-साइज़ वाहनों सहित कई नए मॉडल भारतीय बाजार में पेश करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को नई Honda City Hybrid और प्रीमियम SUV Honda ZR-V को लॉन्च और अनावरण किया।
ताकाशी नकाजिमा (Takashi Nakajima) ने बताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में भारत में अपना पहला पूर्ण इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी ने पहले 10 नए मॉडलों की घोषणा की थी, लेकिन अब यह संख्या 10 से अधिक हो सकती है। इस वित्त वर्ष में कंपनी कुल छह नए लॉन्च करने की तैयारी में है, जिनमें City Hybrid और ZR-V हाइब्रिड शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार भारत, उत्तरी अमेरिका और जापान उसके भविष्य के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजार हैं।होंडा मोटर कंपनीवर्ष 2028 से भारतीय बाजार के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए नए मॉडल लॉन्च करेगी। ये मॉडल दो प्रमुख श्रेणियों — 4 मीटर से कम लंबाई वाले वाहन और मिड-साइज़ सेगमेंट — में पेश किए जाएंगे।
कंपनी भारतीय बाजार में आईसीई, हाइब्रिड और बैटरी इलेक्ट्रिक तकनीक सहित मल्टी-पावरट्रेन रणनीति अपनाने की योजना बना रही है। Honda का लक्ष्य भारत के तेजी से बढ़ते सब-4 मीटर और मिड-साइज़ SUV सेगमेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह हैचबैक सेगमेंट में प्रवेश करने की योजना नहीं बना रही है और उसके सब-4 मीटर मॉडल मुख्य रूप से कॉम्पैक्ट SUVs होंगे।