बेंगलुरु में स्थित वॉइस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप Karta AI ने 3 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है। इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व PeerCapital और Cedar Hill Capital ने किया। इसमें Wyser VC, CDM Capital और Seedstars ने भी हिस्सा लिया।
साल 2024 में विजयपाल सिंह और अभिषेक कुशवाहा द्वारा स्थापित Karta AI बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (BFSI) सेक्टर के लिए AI आधारित समाधान विकसित करता है। कंपनी ऐसे AI एजेंट तैयार करती है, जो ग्राहकों की इनकमिंग कॉल संभाल सकते हैं। इनमें ऐसे सवाल भी शामिल हैं, जिनमें कई समस्याओं को समझने और अलग-अलग प्रक्रियाओं के जरिए समाधान देने की जरूरत होती है।
नई फंडिंग का इस्तेमाल कंपनी अपने प्लेटफॉर्म की ऑटोमेशन और कई भाषाओं में काम करने की क्षमता को बेहतर बनाने, वित्तीय संस्थानों के साथ अपनी सेवाओं का विस्तार करने और इंजीनियरिंग व बिजनेस डेवलपमेंट टीमों को मजबूत करने में करेगी। Karta AI की योजना ग्राहक सेवा से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में भी ऑटोमेशन बढ़ाने और समय के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करने की है।
Karta AI के, को-फाउंडर और सीईओ विजयपाल सिंह ने कहा, “इनकमिंग कॉल्स वित्तीय संस्थानों के लिए सबसे ज्यादा लागत वाले क्षेत्रों में से एक हैं और यहीं ग्राहकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। हमने Karta AI को ऐसी जटिल कॉल्स का समाधान करने के लिए बनाया है, जिनमें कई सिस्टम और एक से अधिक जवाबों की जरूरत होती है। हमारा उद्देश्य यह है कि जरूरत पड़ने पर ही किसी इंसान को बातचीत में शामिल किया जाए।
उन्होंने आगे कहा, “हमारे ग्राहक इस समाधान से मिलने वाले फायदे को माप सकते हैं। इससे सेवा देने की लागत कम होती है और कन्वर्जन बढ़ता है। इस फंडिंग से हम अधिक वित्तीय संस्थानों तक अपनी तकनीक पहुंचा सकेंगे। हमारा लक्ष्य हर ग्राहक के लिए एक इंटेलिजेंट असिस्टेंट और हर वर्कफ्लो के लिए AI वर्कफोर्स तैयार करना है।”