काइनेटिक वॉट्स एंड वोल्ट्स (KWV) अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी कर रही है। कंपनी भारत में बढ़ते कारोबार के बाद चुनिंदा ग्लोबल मार्केट्स में अवसरों का मूल्यांकन कर रही है। शुरुआती चरण में कंपनी का फोकस यूरोप में तुर्की, पड़ोसी बाजारों में नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश, जबकि अफ्रीका में केन्या, नाइजीरिया और मिस्र पर है।
कंपनी के मुताबिक, यह अंतरराष्ट्रीय विस्तार Kinetic EV की ग्रोथ रणनीति का अगला महत्वपूर्ण चरण है। कंपनी ऐसे बाजारों की पहचान कर रही है, जहां इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के लिए मजबूत संभावनाएं मौजूद हैं। इसके लिए बाजार की संभावनाओं, रेगुलेटरी माहौल, ग्राहकों की जरूरतों और संभावित साझेदारियों का आकलन किया जा रहा है।
काइनेटिक ईवी (Kinetic EV) का अंतरराष्ट्रीय विस्तार भारत में उसके बढ़ते डीलर नेटवर्क के बीच हो रहा है। कंपनी के पास वर्तमान में देशभर में 45 एक्सक्लूसिव शोरूम संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा, अगले दो महीनों में करीब 40 नए आउटलेट्स के शुरू होने की उम्मीद है।
कंपनी ने अपने एक्सक्लूसिव डीलरशिप नेटवर्क के लिए 150 Letters of Intent (LOIs) भी जारी किए हैं। कंपनी के अनुसार, इससे संभावित डीलर पार्टनर्स की मजबूत रुचि और Kinetic EV ब्रांड में बढ़ते भरोसे का संकेत मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय कारोबार के लिए काइनेटिक ईवी ने अलग-अलग क्षेत्रों में शुरुआती बाजारों की पहचान की है। यूरोप में तुर्की को प्रमुख बाजार के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है।
अफ्रीका में कंपनी केन्या, नाइजीरिया और मिस्र पर फोकस कर रही है। इन बाजारों का आकलन वहां के इलेक्ट्रिक व्हीकल इकोसिस्टम, टू-व्हीलर की संभावित मांग और डिस्ट्रीब्यूशन एवं पार्टनर नेटवर्क विकसित करने के अवसरों के आधार पर किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय विस्तार की रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए मकरंद जोशी Kinetic Watts & Volts से जुड़े हैं। वह कंपनी में इंटरनेशनल बिजनेस डेवलपमेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जोशी के पास भारतीय ऑटोमोटिव प्रोडक्ट्स के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार विकसित करने का दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने एशिया, मिडिल ईस्ट, यूरोप और अफ्रीका के बाजारों में काम किया है। उनका अनुभव टू-व्हीलर्स, कमर्शियल व्हीकल्स और ट्रैक्टर्स समेत विभिन्न ऑटोमोटिव सेगमेंट में है।
काइनेटिक वॉट्स एंड वोल्ट्स (Kinetic Watts & Volts) के वाईस चेयरमैन और मैनेजिग डायरेक्टर अजिंक्य फिरोदिया ने कहा कि कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा के अगले चरण में अंतरराष्ट्रीय बाजार महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि काइनेटिक के प्रोडक्ट्स भारत में बनकर दुनिया के लिए तैयार किए जा रहे हैं। कंपनी का फोकस अलग-अलग बाजारों की जरूरतों के अनुरूप सुलभ, भरोसेमंद और आधुनिक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराने पर है।
फिरोदिया ने कहा कि भारत में कंपनी का विस्तार अंतरराष्ट्रीय कारोबार के लिए मजबूत आधार तैयार कर रहा है। 45 एक्सक्लूसिव शोरूम, अगले दो महीनों में आने वाले 40 नए आउटलेट्स और 150 जारी किए गए LOIs के साथ कंपनी अब वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमताओं, साझेदारियों और बाजार की समझ को मजबूत करने पर काम कर रही है।