इस आईपीओ में सबसे ज्यादा मांग संस्थागत निवेशकों की ओर से देखने को मिली। Qualified Institutional Buyers (QIB) कैटेगरी 24.9 गुना सब्सक्राइब हुई। एक्सचेंज डेटा के अनुसार, Non-Institutional Investors (NII) श्रेणी 6.5 गुना सब्सक्राइब हुई, जबकि रिटेल निवेशकों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही और यह हिस्सा 1.83 गुना सब्सक्राइब हुआ।
यह आईपीओ 30 अप्रैल को खुला था और इसका प्राइस बैंड 162 रुपये से 171 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। एक लॉट में 87 शेयर शामिल थे, जिसके लिए न्यूनतम निवेश राशि 14,094 रुपये रखी गई थी।
कंपनी का कुल इश्यू साइज लगभग 926 करोड़ रुपये का है। इसमें 850 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और करीब 76 करोड़ रुपये मूल्य के 44 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। Vertex Ventures, Ammar Sdn Bhd, Ventureast Proactive Fund, Endiya Seed Co-creation Fund और AION Advisory जैसे मौजूदा निवेशक OFS में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें Vertex Ventures सबसे अधिक हिस्सेदारी बेच रही है।
आईपीओ लॉन्च से पहले Kissht ने 22 एंकर निवेशकों से 278 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस एंकर राउंड में HDFC Mutual Fund, ICICI Prudential Mutual Fund, WhiteOak Capital, Goldman Sachs, Citigroup और BNP Paribas जैसे घरेलू और वैश्विक संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया।
साल 2015 में स्थापित Kissht छोटे टिकट वाले कंज्यूमर लोन प्रदान करती है और इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन और ट्रैवल जैसे सेक्टर्स में साझेदारी के जरिए अपने कारोबार का विस्तार कर चुकी है।
दिसंबर 2025 तक समाप्त नौ महीने की अवधि में कंपनी ने 1,560 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू और 199 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया।