मार्केट रेगुलेटर SEBI ने ऑडियो OTT स्टार्टअप Kuku Technologies की प्रस्तावित लिस्टिंग को मंजूरी दे दी है। कंपनी को पिछले शुक्रवार अपने IPO दस्तावेजों पर SEBI की ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गई। Kuku Technologies ने जून में SEBI के पास अपना कॉन्फिडेंशियल ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी का IPO ₹2,500-3,500 करोड़ (USD 261-366 मिलियन) के बीच हो सकता है और कंपनी का वैल्यूएशन करीब ₹15,000 करोड़ (लगभग USD 1.8 बिलियन) रह सकता है।
आईपीओ में फ्रेश शेयर इश्यू के साथ मौजूदा निवेशकों के लिए ऑफर-फॉर-सेल (OFS) भी शामिल होगा। कंपनी IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपनी टेक्नोलॉजी और AI इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने, कंटेंट प्रोडक्शन बढ़ाने और नए भौगोलिक बाजारों में विस्तार के लिए करेगी।
वर्ष 2018 में लाल चंद बिसु, विकास गोयल और विनोद मीणा द्वारा स्थापित Kuku Technologies(कूकू टेक्नोलॉजीज़), अपने कुकु एफएम (Kuku FM) ब्रांड के जरिए ऑडियोबुक, पॉडकास्ट और ओरिजिनल ऑडियो शो उपलब्ध कराती है। इसके अलावा कंपनी Kuku TV नाम से माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म और Guru नाम से माइक्रोलर्निंग प्लेटफॉर्म भी संचालित करती है।
कंपनी की कंटेंट लाइब्रेरी में सात भाषाओं में 20,000 से अधिक टाइटल शामिल हैं। इसके पूरे पोर्टफोलियो में 1 करोड़ से अधिक लिसनर्स और क्रिएटर्स तथा 400 मिलियन ऐप डाउनलोड हो चुके हैं।
कुकु टेक्नोलॉजीज़ (Kuku Technologies) अब तक निवेशकों से USD 156 मिलियन से अधिक जुटा चुकी है। इसके प्रमुख निवेशकों में Fundamentum Partnership, Krafton, Vertex Ventures, IFC और 3one4 Capital शामिल हैं। कंपनी का सबसे हालिया USD 85 मिलियन Series C फंडिंग राउंड Granite Asia की अगुवाई में अक्टूबर 2025 में पूरा हुआ था।
इस साल की शुरुआत में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी भी कूकू टीवी में निवेशक और ब्रांड एंबेसडर के तौर पर कंपनी से जुड़े थे।
भारत का माइक्रोड्रामा बाजार मौजूदा करीब USD 1.5 बिलियन से बढ़कर 2033 तक USD 6.5 बिलियन तक पहुंचने का अनुमान है। इस बाजार में Kuku का मुकाबला Pocket FM, Flick TV, ReelSaga और Miniplix के साथ-साथ Amazon, JioHotstar और Zee5 जैसे बड़े OTT प्लेटफॉर्म्स से है।