रिवोल्ट मोटर्स (Revolt Motors) ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल RVX लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.24 लाख रुपये रखी है, जिसमें लागू PM E-DRIVE योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी शामिल है। कंपनी ने बताया कि यह शुरुआती कीमत सीमित अवधि के लिए उपलब्ध रहेगी और बाइक देशभर में मौजूद उसके 200 से ज्यादा डीलरशिप के माध्यम से बेची जाएगी।
कंपनी के अनुसार, नई दिल्ली ईवी पॉलिसी लागू होने और उपलब्ध प्रोत्साहनों के बाद दिल्ली के ग्राहकों के लिए RVX की प्रभावी एक्स-शोरूम कीमत 94,990 रुपये होगी।
नई RVX में 4 kW मिड-ड्राइव परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर दी गई है, जो 5.3 kW की पीक पावर और व्हील पर 230 Nm तक का टॉर्क उत्पन्न करती है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 3.9 सेकंड में पकड़ सकती है और बूस्ट मोड में इसकी अधिकतम गति 90 किमी/घंटा है।
बाइक में 3.24 kWh की रिमूवेबल NMC बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर IDC प्रमाणित 160 किलोमीटर की रेंज प्रदान करती है। कंपनी के अनुसार, फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक केवल 80 मिनट में चार्ज किया जा सकता है।
फीचर्स की बात करें तो RVX में अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स, रियर मोनो-शॉक सस्पेंशन और बूस्ट, स्पोर्ट, सिटी व इको समेत चार राइडिंग मोड दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें 3.5 इंच की IP67-रेटेड डिस्प्ले, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स, जियो-फेंसिंग, हिल-होल्ड असिस्ट, रिवर्स मोड, वॉक असिस्ट, व्हीकल लोकेटर, कॉल और मैसेज अलर्ट तथा इम्मोबिलाइजर जैसे स्मार्ट फीचर्स भी शामिल हैं।
लॉन्च के अवसर पर अंजलि रतन, चेयरपर्सन, रतनइंडिया एंटरप्राइजेज ने कहा कि आज का युवा महत्वाकांक्षी, आत्मविश्वासी और भविष्य को लेकर आशावादी है। वह ऐसी तकनीक चाहता है जो केवल समस्याओं का समाधान ही न करे, बल्कि उसे प्रेरित भी करे। उनके अनुसार, नई RVX इसी सोच और नई पीढ़ी की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई है।
मोटरसाइकिल के लॉन्च के साथ ही रिवोल्ट मोटर्स ने अपना नया ब्रांड कैंपेन 'India Karega Revolt' भी शुरू किया है, जिसमें कंपनी के ब्रांड एंबेसडर Hardik Pandya नजर आएंगे। कंपनी का कहना है कि यह अभियान भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर अपनाने वाली नई पीढ़ी को प्रेरित करने पर केंद्रित है।