अमेरिकी चिप निर्माता क्वालकॉम (Qualcomm) ने भारत के तेजी से बढ़ते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम को सपोर्ट देने के लिए 150 मिलियन डॉलर तक निवेश करने की योजना घोषित की है। यह निवेश कंपनी की निवेश शाखा क्वालकॉम वेंचर (Qualcomm Ventures) के माध्यम से किया जाएगा और ऑटोमोटिव, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), रोबोटिक्स और मोबाइल तकनीकों में AI आधारित समाधान विकसित करने वाले स्टार्टअप्स पर केंद्रित रहेगा।
इस घोषणा की जानकारी Qualcomm के प्रेसिडेंट और सीईओ क्रिस्टियानो एमोन ने नई दिल्ली में आयोजित भारत एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit) के दौरान दी। कंपनी के अनुसार, यह नया स्ट्रेटेजिक एआई वेंचर फंड (Strategic AI Venture Fund) उन स्टार्टअप्स को सपोर्ट देगा जो डिवाइस-आधारित एआई यानी एज AI तकनीकों पर काम कर रहे हैं, जिससे डेटा प्रोसेसिंग तेज, सुरक्षित और अधिक कुशल बन सके।
क्वालकॉम का मानना है कि भारत का उभरता स्टार्टअप इकोसिस्टम वैश्विक स्तर पर एआई आधारित समाधानों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कंपनी 2007 से भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में निवेश कर रही है और अब तक 40 से अधिक कंपनियों को सपोर्ट दे चुकी है। इसके निवेश पोर्टफोलियो में रिलायंस जियो, मैपमाईइंडिया, आइडियाफोर्ज और शैडोफैक्स जैसी कंपनियां शामिल हैं।
कंपनी का कहना है कि यह नया निवेश भारत में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को गति देने और भविष्य की उद्योगों को आकार देने वाली AI तकनीकों के विकास को मजबूत करेगा। क्वालकॉम के अनुसार, यह पहल भारत के स्टार्टअप्स को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी समाधान विकसित करने में मदद करेगी।