रेंज रोवर (Range Rover) ने कहा कि उसकी दूसरी ऑल-इलेक्ट्रिक मॉडल रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक (Range Rover Sport Electric) इस साल के अंत तक लॉन्च की जाएगी। इसके साथ कंपनी लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
यह घोषणा रेंज रोवर इलेक्ट्रिक के अनावरण के बाद की गई है। कंपनी ने ब्रिटेन में गर्मियों के दौरान आयोजित कई कार्यक्रमों में अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज रोवर को प्रदर्शित किया था। स्पोर्ट इलेक्ट्रिक मॉडल में मौजूदा रेंज रोवर सपोर्ट (Range Rover Sport) की डिजाइन लैंग्वेज को बरकरार रखा जाएगा, जबकि इसमें पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावरट्रेन दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह पावरट्रेन पिछले मॉडल्स की तुलना में बेहतर प्रदर्शन प्रदान करेगा।
हाल ही में गुडवुड फेस्टिवल ऑफ़ स्पीड (Goodwood Festival of Speed) के दौरान एक निजी कार्यक्रम में रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक (Range Rover Sport Electric) के प्रोटोटाइप को पेश किया गया। इस दौरान वाहन को गुडवुड मोटर सर्किट पर कई ड्राइविंग डेमोंस्ट्रेशन में शामिल किया गया। कंपनी ने इस प्रदर्शन के जरिए अपने पुराने endurance tests की यादें भी ताजा कीं, जिनमें चीन में सीढ़ियों पर चढ़ाई और आइसलैंड में spillway ascent जैसे परीक्षण शामिल हैं।
रेंज रोवर के अनुसार, नए मॉडल में इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ अपडेटेड चेसिस ट्यूनिंग और साउंड इंजीनियरिंग भी शामिल की गई है। इसका उद्देश्य Range Rover Sport Electric के ड्राइविंग अनुभव को कंपनी के अन्य मॉडल्स से अलग बनाना है।
रेंज रोवर के मैनेजिंग डायरेक्टर मार्टिन लिम्पर्ट ने कहा कि नया इलेक्ट्रिक पावरट्रेन रेंज रोवर स्पोर्ट की पहचान में एक नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक पावर रेंज रोवर स्पोर्ट को एक नई धार प्रदान करता है।
रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक के लॉन्च के बाद इस मॉडल की पावरट्रेन रेंज और विस्तृत हो जाएगी। फिलहाल इसमें प्लग-इन हाइब्रिड, माइल्ड-हाइब्रिड V8 पेट्रोल इंजन और छह-सिलेंडर पेट्रोल व डीजल इंजन विकल्प उपलब्ध हैं।
कंपनी की ओर से रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक की तकनीकी जानकारी और कीमत का खुलासा 2026 में बाद में किए जाने की उम्मीद है। Range Rover ने कहा है कि उसके लाइनअप के सभी मॉडल्स को इलेक्ट्रिक हाइब्रिड विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा और 2030 से पहले पूरी रेंज में पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन उपलब्ध कराने की योजना है।