चेन्नई स्थित इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल निर्माता Raptee.HV ने अपने घरेलू बाजार के बाहर बेंगलुरु में पहला रिटेल आउटलेट शुरू किया है। केंद्रीय भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने कंपनी के एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। इसके साथ बेंगलुरु कंपनी का चेन्नई के बाद दूसरा ऑपरेशनल बाजार बन गया है।
कंपनी के को-फाउंडर और सीईओ दिनेश अर्जुन ने बताया कि Raptee.HV इस साल के अंत तक सात और शहरों में प्रवेश करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु को पहला विस्तार बाजार इसलिए चुना गया क्योंकि यहां बड़ी संख्या में जागरूक ईवी राइडर्स मौजूद हैं, जो तकनीक के साथ बेहतर परफॉरमेंस की भी उम्मीद रखते हैं।
बेंगलुरु स्थित नए सेंटर में टेस्ट राइड, डिलीवरी और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट की सुविधा उपलब्ध होगी। कंपनी के अनुसार, बेंगलुरु को मजबूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े मोटरसाइकिलिंग बेस के कारण चुना गया है। आने वाले समय में रिटेल और सर्विस नेटवर्क का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, Raptee.HV T30 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की सबसे बड़ी खासियत इसका 240V हाई-वोल्टेज आर्किटेक्चर है, जिसे इलेक्ट्रिक कारों की तकनीक से अपनाया गया है। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक पेट्रोल मोटरसाइकिलों की तुलना में बेहतर एक्सेलरेशन, उच्च दक्षता और बेहतर विश्वसनीयता प्रदान करती है। बैटरी, मोटर और कंट्रोलर को 12 साल की लाइफ के लिए डिजाइन किया गया है।
T30 में Combined Charging System Type 2 (CCS2) कनेक्टर दिया गया है, जिससे राइडर्स को देशभर में 30,000 से ज्यादा सार्वजनिक चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच मिल सकती है। कंपनी के अनुसार, सार्वजनिक फास्ट चार्जर से बाइक को फुल चार्ज करने में करीब 20 मिनट लगते हैं।
रैप्टी.एचवी (Raptee.HV) T30 की एक्स-शोरूम कीमत 2.39 लाख रुपये है। कंपनी के अनुसार, मोटरसाइकिल की रियल-वर्ल्ड रेंज 150 किलोमीटर है और यह 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार 3.5 सेकंड से कम समय में पकड़ सकती है। बाइक के साथ 8 साल या 80,000 किलोमीटर की बैटरी वारंटी, 3 साल की वाहन वारंटी और रोडसाइड असिस्टेंस भी दिया जाता है।
रैप्टी एनर्जी (Raptee Energy) के तहत संचालित रैप्टी.एचवी की स्थापना टेस्ला, विप्रो और अन्य मोबिलिटी कंपनियों के इंजीनियरों ने की है। कंपनी का कहना है कि उसका एचवी-टेक प्लेटफॉर्म 200 से अधिक पेटेंट्स पर आधारित है।