संस्थान ने इच्छुक CEOs, फाउंडर्स और बिजनेस लीडर्स से जल्द आवेदन करने की अपील की है, क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि 1 जून 2026 निर्धारित की गई है।
यह 10 महीने का विशेष लीडरशिप प्रोग्राम स्टैनफोर्ड सीड (Stanford Seed) के तहत आयोजित किया जाता है, जो स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस की एक पहल है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य ग्रोथ-स्टेज कंपनियों के फाउंडर्स और वरिष्ठ अधिकारियों को बिजनेस विस्तार, नेतृत्व क्षमता और दीर्घकालिक आर्थिक एवं सामाजिक प्रभाव पैदा करने के लिए तैयार करना है।
किन उद्यमियों के लिए है यह प्रोग्राम?
यह प्रोग्राम उन स्थापित कंपनियों के फाउंडर्स और सीनियर लीडर्स के लिए बनाया गया है, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख अमेरिकी डॉलर से 1.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 2.7 करोड़ रुपये से 135 करोड़ रुपये) के बीच है।
प्रोग्राम के दौरान प्रतिभागियों को बिजनेस मैनेजमेंट और लीडरशिप से जुड़े ऐसे मॉडल और टूल्स सिखाए जाएंगे, जिन्हें स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस ने विकसित किया है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होगी पढ़ाई
इस लीडरशिप प्रोग्राम में ऑनलाइन मॉड्यूल, ऑफलाइन क्लासरूम सेशन, प्रैक्टिकल वर्कशॉप और पीयर लर्निंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। खास बात यह है कि प्रतिभागी अपना बिजनेस जारी रखते हुए सीखी गई रणनीतियों को सीधे अपने काम में लागू कर सकेंगे।
प्रोग्राम में बिजनेस स्ट्रेटजी, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, लीडरशिप डेवलपमेंट और बेहतर एक्सीक्यूशन पर विशेष फोकस किया जाएगा।
इसके अलावा प्रतिभागियों को चेन्नई में दो विशेष इन-पर्सन लर्निंग वीक में भाग लेने का मौका मिलेगा। यहां वे अन्य उद्यमियों के साथ नेटवर्किंग कर सकेंगे और स्टैनफोर्ड फैकल्टी व विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
हजारों उद्यमियों को मिल चुका है फायदा
स्टैनफोर्ड सीड के अनुसार, इस प्रोग्राम की शुरुआत से अब तक अफ्रीका, दक्षिण एशिया और इंडोनेशिया के 2,700 से अधिक उद्यमियों के साथ साझेदारी की जा चुकी है।
संस्थान का दावा है कि इस प्रोग्राम में शामिल हो चुके प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से 2 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक पूंजी जुटाई है और अपने स्थानीय बाजारों में 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा अतिरिक्त राजस्व उत्पन्न किया है।
मिलेगा स्टैनफोर्ड का सर्टिफिकेट और ग्लोबल नेटवर्क
प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस की ओर से सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके साथ ही वे ‘सीड ट्रांसफॉर्मेशन नेटवर्क’ का हिस्सा बनेंगे, जिससे उन्हें वैश्विक उद्यमियों, स्टैनफोर्ड संसाधनों और भविष्य के लर्निंग अवसरों तक लगातार पहुंच मिलती रहेगी।
दक्षिण एशिया में हो रहे हैं इंफॉर्मेशन सेशन
स्टैनफोर्ड सीड दक्षिण एशिया के कई शहरों में मार्च से मई 2026 तक ऑफलाइन इंफॉर्मेशन सेशन भी आयोजित कर रहा है। इन सेशन्स में इच्छुक उद्यमी प्रोग्राम के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, पूर्व प्रतिभागियों से बातचीत कर सकते हैं और स्टैनफोर्ड सीड टीम से सीधे जुड़ सकते हैं।
स्टैनफोर्ड सीड के साउथ एशिया रीजनल डायरेक्टर हरीश अर्नेजाथ ने कहा कि यह प्रोग्राम उद्यमियों को बिजनेस बढ़ाने, मजबूत नेटवर्क बनाने और लंबे समय तक प्रभाव पैदा करने के लिए जरूरी वैश्विक समझ और व्यावहारिक टूल्स प्रदान करता है।
इच्छुक उम्मीदवार 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार स्टैनफोर्ड सीड की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। http://stanfordseed.co/IPR