इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर निर्माता ज़ेलियो ई-मोबिलिटी (Zelio E-Mobility) ने दक्षिण भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने की योजना की घोषणा की है। कंपनी FY27 तक दक्षिण भारत में 150 से ज्यादा नए डीलर्स जोड़ने की तैयारी कर रही है। इस विस्तार का उद्देश्य क्षेत्र में अपनी पहुंच बढ़ाने और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को अपनाने को बढ़ावा देना है।
कंपनी का विस्तार दक्षिण भारत के पांच प्रमुख बाजारों पर केंद्रित होगा। इनमें तमिलनाडु में करीब 40 नए डीलर्स, जबकि केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में करीब 30-30 नए डीलर्स जोड़ने का लक्ष्य है। तेलंगाना में कंपनी के फिलहाल करीब 15 डीलर्स हैं और लंबी अवधि में इस नेटवर्क को करीब 30 डीलरशिप तक बढ़ाने की योजना है।
ज़ेलियो ई-मोबिलिटी के पास वर्तमान में 25 से ज्यादा राज्यों में 400 से अधिक डीलर्स का नेटवर्क है। नए डीलर्स जुड़ने के बाद कंपनी का कुल डीलरशिप नेटवर्क FY27 तक 550 से ज्यादा आउटलेट्स तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार, मजबूत रिटेल नेटवर्क EV अपनाने के अगले चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, क्योंकि ग्राहक अब प्रोडक्ट की उपलब्धता के साथ स्थानीय स्तर पर बेहतर ग्राहक सेवा और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
इस विस्तार पर ज़ेलियो ई-मोबिलिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर कुणाल आर्य ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का अगला चरण केवल प्रोडक्ट इनोवेशन से तय नहीं होगा, बल्कि ग्राहकों की स्थानीय जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने की क्षमता भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण बाजार है, जहां ग्राहक टेक्नोलॉजी, ओनरशिप एक्सपीरियंस, वैल्यू और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को लेकर अधिक जागरूक हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी का फोकस अपने डीलर पार्टनर्स के साथ मजबूत संबंध बनाने और उन्हें जरूरी प्रोडक्ट, क्षमताएं और सपोर्ट उपलब्ध कराने पर है, ताकि ग्राहकों का लंबे समय तक भरोसा कायम किया जा सके।
दक्षिण भारत में यह विस्तार तमिलनाडु के कोयंबटूर में नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी शुरू करने के बाद किया जा रहा है। करीब 39,000 वर्ग फुट में फैली यह सुविधा इलेक्ट्रिक स्कूटर असेंबली, स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स और अन्य संबंधित कारोबारी गतिविधियों को सपोर्ट करेगी। इससे तमिलनाडु और आसपास के दक्षिण भारतीय बाजारों में कंपनी के रिटेल विस्तार को ऑपरेशनल सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
कंपनी के कारोबार में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। ज़ेलियो ई-मोबिलिटी ने वित्त वर्ष 2025-26 में ₹313.68 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 81.8% की वृद्धि है। पिछले चार वर्षों में कंपनी के रेवेन्यू का CAGR 121% रहा है। कंपनी के अनुसार, वह शुरुआत से ही मुनाफे में रही है।
अक्टूबर 2025 में BSE SME पर लिस्टिंग के जरिए कंपनी ने ₹78.34 करोड़ जुटाए थे। इसके बाद से ज़ेलियो मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, डीलर नेटवर्क और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रही है।