भारत की इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी ओबेन इलेक्ट्रिक ने सितंबर 2026 में 1,417 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन के साथ देश की नंबर-1 बिकने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ब्रांड बनने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार, यह आंकड़ा Vahan के सितंबर 2026 के डेटा पर आधारित है। इस उपलब्धि के साथ ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) ने अब तक की अपनी सबसे ज्यादा मासिक बिक्री दर्ज की है।
कंपनी के अनुसार, इस ग्रोथ में रॉर इवो (Rorr Evo) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को भारतीय राइडर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें परफॉर्मेंस, डिजाइन, टेक्नोलॉजी, रेंज और रोजमर्रा के उपयोग को प्रमुखता दी गई है। कंपनी का कहना है कि रॉर इवो (Rorr Evo) को एक मोटरसाइकिल के तौर पर डिजाइन किया गया है, जिसमें इलेक्ट्रिक पावरट्रेन का उपयोग किया गया है।
ओबेन इलेक्ट्रिक की फाउंडर और सीईओ मधुमिता अग्रवाल ने कहा कि भारत की नंबर-1 बिकने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ब्रांड बनना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि रॉर इवो (Rorr Evo) को ग्राहकों से मिल रही प्रतिक्रिया यह दिखाती है कि राइडर्स इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को अपनाने के लिए तैयार हैं, बशर्ते उन्हें ऐसी मोटरसाइकिल मिले जो उनकी अपेक्षाओं पर खरी उतरे।
कंपनी ने हाल ही में अपने बेंगलुरु मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से अपनी 10,000वीं इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी रोलआउट की है। ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) के अनुसार, यह उपलब्धि रॉर इवो (Rorr Evo) के विस्तार और कंपनी की बढ़ती उत्पादन क्षमता को दर्शाती है। कंपनी अपने ईवी टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के तहत LFP बैटरी, मोटर, VCU, चार्जर और सॉफ्टवेयर जैसी प्रमुख तकनीकों को इन-हाउस विकसित और मैन्युफैक्चर करती है।
ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) का बेंगलुरु में 3.5 एकड़ में फैला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 1 लाख मोटरसाइकिल है। इसके अलावा, कंपनी के पास 18 राज्यों के 90 से ज्यादा शहरों में 150 से अधिक शोरूम और ओबेन केयर (Oben Care) सर्विस सेंटर हैं। कंपनी का कहना है कि यह नेटवर्क बिक्री, टेस्ट राइड, डिलीवरी और आफ्टर-सेल्स सर्विस के जरिए इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ग्राहकों को सपोर्ट करने में मदद करेगा।