कोफोर्ज लिमिटेड (Coforge Limited) ने अखिल कुमार गुप्ता को कंपनी का नया चेयरपर्सन और नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 29 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी और उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा। हालांकि, नियुक्ति के लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
गुप्ता इससे पहले भारती एंटरप्राइजेज (Bharti Enterprises) के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं। उन्होंने कंपनी के शुरुआती वर्षों से उसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में वह 360 ONE WAM Ltd और भारती लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड के बोर्ड के चेयरमैन हैं।
इसके अलावा, अखिल कुमार गुप्ता ज़ेप्टो, स्नैपडील, यूटेलसैट कम्युनिकेशन्स और Lodha Developers समेत कई कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं। Coforge में उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब कंपनी हाल ही में बोर्ड स्तर पर बदलावों से गुजरी है।
इससे पहले कोफोर्ज (Coforge) के पूर्व चेयरमैन O.P. Bhatt ने इस्तीफा दिया था। कंपनी के एक इंटरनल ऑडिट में पाया गया था कि उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस रिव्यू से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण निष्कर्ष अन्य बोर्ड सदस्यों से साझा नहीं किए थे। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी के शेयरों में 5% से अधिक की गिरावट आई और कंपनी के बाजार मूल्य में ₹4,400 करोड़ से ज्यादा की कमी आई।
Bhatt के जाने के बाद कोफोर्ज (Coforge) ने नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर विवेक शर्मा को अंतरिम चेयरपर्सन नियुक्त किया था। कंपनी ने स्थायी चेयरपर्सन की तलाश के लिए ग्लोबल सर्च फर्म Egon Zehnder की मदद ली। करीब 60 उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्ट के बाद नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमिटी ने अखिल कुमार गुप्ता के नाम पर सर्वसम्मति से सहमति जताई।
कोफोर्ज के सीईओ और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुधीर सिंह ने कहा कि कंपनी के लिए यह महत्वपूर्ण समय है और अखिल गुप्ता के अनुभव से कंपनी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारती एंटरप्राइजेज में अपने कार्यकाल के दौरान गुप्ता ने कंपनी को कई कारोबारी बदलावों के बीच आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।