AI सुरक्षा और अनुसंधान कंपनी Anthropic ने भारत में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने के तहत संगीता बावी को हेड ऑफ डिजिटल नेटिव्स, स्टार्टअप्स एंड ग्रोथ (इंडिया) नियुक्त किया है।
कंपनी के अनुसार, संगीता बावी की जिम्मेदारी भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम और मिड-साइज़ व्यवसायों के बीच Claude AI असिस्टेंट के उपयोग को बढ़ाना होगी। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब Anthropic भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप बाजार में अपनी पहुंच मजबूत करने पर काम कर रही है।
LinkedIn पर अपनी नियुक्ति की घोषणा करते हुए संगीता बावी ने कहा, “स्टार्टअप संस्थापकों के लिए मेरे मन में हमेशा एक विशेष स्थान रहा है। उनकी महत्वाकांक्षा, संघर्ष करने की क्षमता और दुनिया को बदलने का विश्वास मुझे किसी भी अन्य सीखने के अनुभव से अधिक प्रेरित करता है।” उन्होंने कहा कि Anthropic से जुड़ना उनके लिए बेहद अर्थपूर्ण अनुभव है।
संगीता बावी के पास स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में लंबा अनुभव है। इससे पहले वह YourStory Media में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के रूप में कार्य कर चुकी हैं, जहां उन्होंने संचालन में बदलाव लाने और नए रेवेन्यू स्रोत विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके पहले वह Microsoft में स्टार्टअप बिजनेस डायरेक्टर के पद पर थीं, जहां उन्होंने भारत में कंपनी की स्टार्टअप-केंद्रित पहलों को विकसित और आगे बढ़ाया।
Anthropic पिछले कुछ समय से भारत में लगातार अपना विस्तार कर रही है। भारत अब Claude AI के लिए कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है और वैश्विक उपयोग में इसकी हिस्सेदारी लगभग 7.2 प्रतिशत है।
कंपनी स्थानीय स्तर पर भर्ती और एंटरप्राइज कारोबार को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही बेंगलुरु में अपना पहला कार्यालय भी खोलने की तैयारी कर रही है। वहीं इस वर्ष की शुरुआत में Anthropic ने इरिना घोषे को भारत संचालन प्रमुख और अमलान मोहंती को भारत में नीति एवं बाहरी मामलों (Policy and External Affairs) का प्रमुख नियुक्त किया था।