Apple ने AI डेटा इंजीनियरिंग स्टार्टअप Ascend.io के साथ एक समझौता किया है। Ascend.io का संचालन Ascension Labs द्वारा किया जाता है। इस सौदे को मुख्य रूप से Acqui-hire माना जा रहा है, यानी किसी कंपनी के कर्मचारियों और उनकी विशेषज्ञता को अपने साथ जोड़ने के उद्देश्य से किया गया समझौता।
यह डील 30 जून 2026 को पूरी हुई थी। इसकी जानकारी यूरोपीय आयोग की उस सूची के जरिए सार्वजनिक हुई, जिसमें डिजिटल मार्केट्स एक्ट (DMA) के तहत होने वाले अधिग्रहणों का विवरण दिया जाता है। इस कानून के तहत Apple को एक निश्चित सीमा से बड़े अधिग्रहणों की जानकारी देनी होती है। हालांकि, सौदे की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है और Apple ने अभी तक इस तकनीक के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना घोषित नहीं की है।
समझौते के तहत Apple को क्या मिला?
इस समझौते के तहत Apple को Ascend.io के कुछ कर्मचारियों को नौकरी के प्रस्ताव देने का अधिकार मिला है। इसके अलावा, Apple को Ascend की बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) के इस्तेमाल के लिए गैर-विशिष्ट लाइसेंस और कुछ पेटेंट सौंपे गए हैं।
यूरोपीय आयोग की फाइलिंग में इस समझौते को औपचारिक रूप से अधिग्रहण नहीं बताया गया है। यह Apple के पहले के कुछ समझौतों के समान है, जिनमें Huxe और Samplab जैसी कंपनियां शामिल थीं। Huxe की स्थापना NotebookLM के पूर्व डेवलपर्स ने की थी, जबकि Samplab म्यूजिक एडिटिंग से जुड़ा एक स्टार्टअप है।
Ascend.io ने वेबसाइट पर दी कारोबार बंद करने की जानकारी
Ascend.io ने अपनी वेबसाइट को बंद होने से संबंधित एक नोटिस से बदल दिया है। हालांकि, कंपनी ने इस नोटिस में Apple का नाम नहीं लिया है और न ही अपनी सेवाएं बंद करने की कोई तारीख बताई है।
कंपनी ने नोटिस में कहा, “Ascend अपना कारोबार समेट रहा है, क्योंकि हम अपने अगले बड़े सफर की तैयारी कर रहे हैं।”