कल्याणी पॉवरट्रेन (Kalyani Powertrain) लिमिटेड, जो भारत फोर्ज (Bharat Forge) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, ने एपीएसआरटीसी (APSRTC) के साथ मिलकर एक डीजल बस को पूरी तरह इलेक्ट्रिक “सुपर लग्जरी” AC कोच में बदल दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह बस एक बार चार्ज करने पर 230 किलोमीटर से अधिक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम होगी। यह वाहन अब APSRTC के विभिन्न रूट्स पर ऑन-रोड और कमर्शियल ट्रायल के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
यह बस मूल रूप से 2017 में APSRTC के तिरुपति क्षेत्र में सेवा में लाई गई थी। रेट्रोफिट प्रक्रिया के तहत बस से डीजल इंजन, फ्यूल टैंक और अन्य मैकेनिकल पार्ट्स हटाकर उसमें इलेक्ट्रिक पावरट्रेन, बैटरी सिस्टम और नया एयर-कंडीशंड बस बॉडी लगाया गया है।
चार्जिंग के लिए इसमें 240 kW फास्ट चार्जर सपोर्ट दिया गया है, जिससे बस को 20% से 100% तक चार्ज होने में लगभग दो घंटे का समय लगेगा।
यह पहल कमर्शियल व्हीकल इलेक्ट्रिफिकेशन और रेट्रोफिट सॉल्यूशंस पर केंद्रित कल्याणी पावरट्रेन की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और बसों के लिए ईवी टेक्नोलॉजी विकसित कर रही है।
एपीएसआरटीसी के लिए यह प्रोजेक्ट पूरी फ्लीट बदलने के बजाय मौजूदा बसों को इलेक्ट्रिक में बदलने के विकल्प का मूल्यांकन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।