ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) मोबिलिटी लिमिटेड ने अपनी दो पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों में कुल 2,000 करोड़ के निवेश को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने 15 मई 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि यह निवेश ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और ओला सेल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में किया जाएगा।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में 1,500 करोड़ निवेश को मंजूरी दी है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर के निर्माण और सप्लाई सहित ईवी वैल्यू चेन से जुड़े कार्यों को संभालती है। यह निवेश ₹10 प्रति शेयर के मूल्य पर 150 करोड़ कंपल्सरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर जारी करके किया जाएगा। FY25 में इस सहायक कंपनी का टर्नओवर 4,717.48 करोड़ रहा।
इसके अलावा, ओला सेल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में ₹500 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह इकाई बैटरी सेल के निर्माण, प्रोसेसिंग, असेंबली और वितरण का काम करती है। यह निवेश ₹10 प्रति शेयर की दर से 50 करोड़ कंपल्सरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयरों के जरिए किया जाएगा। FY25 में इस कंपनी का टर्नओवर ₹73 करोड़ दर्ज किया गया।
कंपनी ने कहा कि दोनों निवेश नकद आधार पर किए जाएंगे और इन्हें 14 मई 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। ओला इलेक्ट्रिक ने स्पष्ट किया कि दोनों कंपनियां उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां बनी रहेंगी और इन लेनदेन में कंपनी का पूर्ण नियंत्रण कायम रहेगा।