ईकेए मोबिलिटी (EKA Mobility) ने भारत में अपने अधिकृत डीलर नेटवर्क के तेज विस्तार की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य ईवी अपनाने में सबसे बड़ी बाधा यानी भरोसेमंद सेल्स और सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को दूर करना है। कंपनी, जो भारत सरकार की Auto PLI Scheme के तहत ‘Champion OEM’ है, जापान की Mitsui & Co., नीदरलैंड्स की वीडीएल ग्रुप, एनआईआईएफ इंडिया-जापान फंड (VDL Group, NIIF India-Japan Fund) और एनाम होल्डिंग्स (Enam Holdings) द्वारा समर्थित है।
कंपनी ने बताया कि देशभर में वर्तमान में उसके 60 डीलरशिप ऑपरेशनल हैं और जल्द ही 30 से अधिक नए एक्सक्लूसिव आउटलेट्स खोले जाएंगे। ईकेए मोबिलिटी का लक्ष्य FY27 तक 20+ राज्यों में 200 से अधिक डीलरशिप नेटवर्क स्थापित करना है। यह विस्तार खासकर लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स, FMCG और पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे तेजी से बढ़ते सेक्टरों को सपोर्ट करेगा।
कंपनी ने कहा कि हर डीलरशिप को कमर्शियल ईवी सर्विसिंग के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है, जिसमें कम से कम दो सर्विस बे, फैक्ट्री-ट्रेंड स्टाफ और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि फ्लीट ऑपरेटरों के लिए वाहन का डाउनटाइम कम से कम रहे।
ईकेए मोबिलिटी के बिजनेस हेड और चीफ ग्रोथ ऑफिसर रोहित श्रीवास्तव (Rohit Srivastava) ने कहा कि कंपनी का फोकस भारत में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है और बढ़ती मांग के साथ मजबूत सर्विस नेटवर्क बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने ‘Born Electric’ पोर्टफोलियो के तहत 3W, 4W SCV, बस और ट्रक रेंज का विस्तार कर रही है।
कंपनी के अनुसार, सभी वाहन AI-पावर्ड ईकेए कनेक्ट (EKA Connect) प्लेटफॉर्म से लैस होंगे, जो रियल-टाइम ट्रैकिंग, प्रेडिक्टिव डायग्नोस्टिक्स और फ्लीट एनालिटिक्स प्रदान करता है। कंपनी ने यह भी कहा कि भारत के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के तहत वह पूरी तरह से भारत में डिजाइन और निर्मित कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन कर रही है और अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को लगातार बढ़ा रही है।