अमारा राजा का FY26 राजस्व 13,549 करोड़ रुपये पहुंचा

अमारा राजा का FY26 राजस्व 13,549 करोड़ रुपये पहुंचा

अमारा राजा का FY26 राजस्व 13,549 करोड़ रुपये पहुंचा
अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी लिमिटेड ने FY26 में 13,549 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जबकि कंपनी के न्यू एनर्जी कारोबार में लगभग 60% की वृद्धि हुई।

अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी लिमिटेड (Amara Raja Energy & Mobility Limited) ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष FY26 के लिए अपने राजस्व में सालाना आधार पर मजबूत वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने ऑटोमोटिव, होम एनर्जी और न्यू एनर्जी कारोबार में बेहतर परफॉरमेंस के दम पर वित्त वर्ष 2026 में 13,549 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व हासिल किया, जो FY25 के 12,405 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 9.2% अधिक है। कंपनी ने शेयरधारकों के लिए 5.2 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की भी घोषणा की है।

कंपनी का कर पूर्व लाभ (PBT) FY26 में 1,307 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के 1,299 करोड़ रुपये की तुलना में मामूली बढ़ोतरी दर्शाता है। वहीं, प्रति शेयर आय (EPS) 53.02 रुपये दर्ज की गई। चौथी तिमाही (Q4 FY26) में कंपनी का प्रदर्शन और अधिक मजबूत रहा। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में राजस्व 3,460 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 2,974 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 16.3% अधिक है।

तिमाही आधार पर कंपनी का PBT 224 करोड़ रुपये से बढ़कर 433 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिसमें करीब 93.3% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, दिसंबर 2025 तिमाही की तुलना में भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। Q3 FY26 के 3,351 करोड़ रुपये के मुकाबले Q4 FY26 में राजस्व 3.3% बढ़ा, जबकि PBT 207 करोड़ रुपये से दोगुना होकर 433 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष के दौरान लेड-एसिड बैटरी कारोबार में कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर मार्जिन पर पड़ा। हालांकि, न्यू एनर्जी बिजनेस में लगभग 60% की मजबूत राजस्व वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर – ऑटोमोटिव एंड इंडस्ट्रियल Harshavardhana Gourineni ने कहा कि FY26 में ऑटोमोटिव कारोबार ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें OEM कारोबार में 20% से अधिक वृद्धि और आफ्टरमार्केट मांग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कंपनी के न्यू एनर्जी बिजनेस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विक्रमादित्य गौरिनेनी (Vikramadithya Gourineni) ने बताया कि कंपनी का गीगा कॉरिडोर इंफ्रास्ट्रक्चर, जिसमें R&D सेंटर और क्वालिफिकेशन प्लांट शामिल हैं, अब कमीशनिंग चरण में है और अगले एक महीने में चालू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कंपनी जून 2027 तक अपनी पहली 2 GWh सेल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता शुरू करने की दिशा में निर्धारित समयसीमा पर काम कर रही है।

कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर जयदेव गल्ला (Jayadev Galla) ने कहा कि लेड-एसिड बैटरी कारोबार में मजबूत नेतृत्व और न्यू एनर्जी सेगमेंट में तेजी से बढ़ती मौजूदगी ने कंपनी के लगातार अच्छे प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि नई बैटरी केमिस्ट्री और उत्पादों में विविधीकरण की रणनीति कंपनी को भारत के एनर्जी स्टोरेज क्षेत्र में भविष्य की वृद्धि के लिए मजबूत स्थिति में रखती है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities