वारिवो इलेक्ट्रिक (Warivo Electric) ने अपने घरेलू प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और रिटेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार नए आगामी इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल पेश किए हैं। कंपनी की नई लाइनअप में सीआरएक्स हाई स्पीड (CRX High Speed), मैजेस्टी (Majesty), पैंजर( Panzer) और एज स्पोर्ट्स (Edge Sports) मॉडल शामिल हैं।
कंपनी की प्रस्तुति में सबसे प्रमुख मॉडल CRX High Speed रहा, जिसकी टॉप स्पीड 75 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। इस स्कूटर में थिन फिल्म ट्रांजिस्टर (TFT) डिस्प्ले, 42 लीटर का बूट स्पेस और 830 मिमी सीट दी गई है। वहीं, जहां Edge Sports युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, वहीं Majesty और Panzer मॉडल को मजबूत संरचना और टिकाऊ डिजाइन के साथ विकसित किया गया है, ताकि गैर-मेट्रो और क्षेत्रीय बाजारों की मांग को पूरा किया जा सके।
कंपनी ने यह भी जानकारी दी कि प्रीमियम सेगमेंट के लिए एक मेटल बॉडी इलेक्ट्रिक स्कूटर पर काम चल रहा है। इसके अलावा, दीर्घकालिक विकास रणनीति के तहत कंपनी ने इन-हाउस लिथियम बैटरी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने की योजना की घोषणा की है। इस कदम का उद्देश्य लोकलाइजेशन बढ़ाना और सप्लाई चेन पर बेहतर नियंत्रण हासिल करना है।
वारिवो इलेक्ट्रिक के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर युवराज गर्ग ने बताया कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में बिक्री मात्रा में 2.5 गुना वृद्धि दर्ज की है। साथ ही, कंपनी चालू वित्त वर्ष के दौरान पूरे भारत में अपने डीलरशिप नेटवर्क को बढ़ाकर 500 तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।