JBM ऑटो का Q3FY26 में मजबूत परफॉरमेंस, राजस्व में 15.6% की वृद्धि

JBM ऑटो का Q3FY26 में मजबूत परफॉरमेंस, राजस्व में 15.6% की वृद्धि

JBM ऑटो का Q3FY26 में मजबूत परफॉरमेंस, राजस्व में 15.6% की वृद्धि
जेबीएम ऑटो लिमिटेड ने Q3FY26 में 15.6% की सालाना वृद्धि के साथ 1,613.98 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया, जिसे ओईएम कारोबार और इलेक्ट्रिक बस परियोजनाओं से सपोर्ट मिला।

जेबीएम ऑटो लिमिटेड ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही (Q3FY26) में अपने समेकित राजस्व में साल-दर-साल 15.6% की वृद्धि दर्ज की। कंपनी का परिचालन से कुल राजस्व 1,613.98 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 1,396.15 करोड़ रुपये था। यह अब तक का कंपनी का सबसे अधिक तीसरी तिमाही का राजस्व है, जिसे ओईएम कारोबार की मजबूती और इलेक्ट्रिक बस परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से सपोर्ट मिला।

तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 4.29% बढ़कर 54.68 करोड़ रुपये रहा, जबकि कर-पूर्व लाभ (PBT) 6.46% की वृद्धि के साथ 77.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। EBITDA 5.24% बढ़कर 202.93 करोड़ रुपये रहा, जो मैन्युफैक्चरिंग परिचालनों और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कार्यक्रमों में निरंतर निवेश को दर्शाता है। प्रति शेयर आय (EPS) भी मामूली बढ़त के साथ 2.33 रही।

कंपनी के ओईएम डिवीजन ने तिमाही के दौरान 19.55% की सालाना वृद्धि दर्ज की, जिसे पैसेजर और कमर्शियल वाणिज्यिक वाहन निर्माताओं से स्थिर मांग का लाभ मिला। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में, JBM ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में अपनी बस परिचालन क्षमता को और विस्तार दिया।

जेबीएम  इलेक्ट्रिक व्हीकल्स ने ब्रसेल्स में आयोजित Busworld Europe 2025 में यूरोपीय बाजार के लिए अपनी ECOLIFE e12 इलेक्ट्रिक सिटी बस पेश की, जहां लगातार दूसरे वर्ष किसी भारतीय OEM द्वारा इलेक्ट्रिक बस लॉन्च करने वाली यह एकमात्र कंपनी रही। घरेलू स्तर पर, कंपनी ने तिमाही के दौरान तेलंगाना में 500 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली में 312 इलेक्ट्रिक बसों की तैनाती पूरी की। इसके अलावा, गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर 25 इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई।

दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों में JBM ऑटो ने कुल 5,472.33 करोड़ रुपये का राजस्व और 200.75 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो कंपनी के सतत विकास और इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन में बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities