ग्लोबल कंज्यूमर टेक कंपनी ग्लान्स (Glance) ने अपनी विज़ुअल जनरेटिव एआई क्षमताओं को मजबूत करने के लिए NVIDIA के साथ सहयोग की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य कंपनी के AI-आधारित शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर रियल-टाइम इमेज और वीडियो जनरेशन की गति, स्केल और दक्षता को बढ़ाना है।
कंपनी के अनुसार, वह NVIDIA के उन्नत कंप्यूटिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपने Visual Gen AI स्टैक में एकीकृत कर रही है। NVIDIA RTX PRO 6000 Blackwell Server Edition, TensorRT और NVFP4 इंफरेंस तकनीकों के उपयोग से विज़ुअल AI प्रोसेसिंग प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है। आंतरिक परीक्षणों के आधार पर, यह इन्फ्रास्ट्रक्चर इमेज जनरेशन को 20 गुना और वीडियो जनरेशन को 16 गुना तक तेज बना सकता है।
ग्लान्स (Glance) का प्लेटफॉर्म “एजेंटिक कॉमर्स” मॉडल पर आधारित है, जिसमें AI उपभोक्ताओं को उत्पाद खोजने और उन्हें विज़ुअल रूप से अनुभव करने में मदद करता है। प्लेटफॉर्म की प्रमुख सुविधाओं में सेल्फी को यथार्थवादी अवतार में बदलना, टेक्स्ट आधारित इमेज एडिटिंग और टेक्स्ट-टू-वीडियो कंटेंट जनरेशन शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि उसका मॉडल कंटेंट फीस के बजाय कॉमर्स-आधारित राजस्व पर आधारित है, जिससे जनरेटिव AI उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुलभ बनता है।
ग्लान्स (Glance), जिसे गूगल, जियो प्लेटफॉर्म्स (Google, Jio Platforms) और मिथ्रिल कैपिटल (Mithril Capital) का सपोर्ट प्राप्त है, इनमोबी (InMobi) की सहायक कंपनी के रूप में संचालित होती है। कंपनी का मानना है कि यह साझेदारी बड़े पैमाने पर उपभोक्ता-स्तरीय जनरेटिव AI अनुभव को तेज़ और किफायती बनाएगी।