MSME मंत्रालय में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले भारत खेड़ा उपभोक्ता मामले विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने शासन, रक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और नीति निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां निभाई हैं।
रक्षा मंत्रालय में निभाई अहम जिम्मेदारी
नवंबर 2014 से फरवरी 2020 तक रक्षा मंत्रालय में कार्य करते हुए भारत खेड़ा ने संयुक्त सचिव (एयर) के रूप में भारतीय वायुसेना से जुड़े मामलों को संभाला। इस दौरान उन्होंने रक्षा क्षेत्र से संबंधित कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने 2017 से 2020 के बीच गणतंत्र दिवस समारोह जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों के समन्वय का कार्य भी संभाला। इसके अलावा बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) और रक्षा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े मामलों की निगरानी भी की।
रक्षा कंपनियों के बोर्ड में भी रहे शामिल
भारत खेड़ा कई रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों के बोर्ड सदस्य भी रह चुके हैं। इनमें Mazagon Dock Shipbuilders Limited, Garden Reach Shipbuilders & Engineers Limited, Goa Shipyard Limited और Hindustan Shipyard Limited शामिल हैं इस दौरान उन्होंने रक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और सरकार की Make in India पहल से जुड़े कई कार्यों में योगदान दिया।
कोविड-19 के दौरान नीति समन्वय में निभाई भूमिका
बाद में भारत खेड़ा ने लगभग दो वर्षों तक कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी कार्य किया। यहां उन्होंने कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा टेक्नोलॉजी डिवीजनों की जिम्मेदारी संभाली। कोविड-19 महामारी के दौरान रणनीतिक नीति समन्वय में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिक्षा और प्रशासनिक अनुभव
भारत खेड़ा ने BITS Pilani से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने Syracuse University Maxwell School से मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री प्राप्त की है।
उन्होंने Indian School of Business से पब्लिक पॉलिसी में एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम भी पूरा किया है। साथ ही वह London School of Economics and Political Science में Chevening Gurukul Fellow भी रह चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश में संभाले कई अहम पद
हिमाचल प्रदेश में भी भारत खेड़ा ने कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर काम किया है। वह गृह सचिव और लोक निर्माण, ऊर्जा, राज्य कर एवं उत्पाद शुल्क तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभागों के प्रधान सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में भी कार्य किया और अपने करियर के शुरुआती दौर में राज्य परिवहन, औद्योगिक विकास और बागवानी निगमों का नेतृत्व भी किया।
देश की अर्थव्यवस्था में MSME सेक्टर की बड़ी भूमिका
MSME सेक्टर भारत की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यह देश की GDP में 30 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है और रोजगार, मैन्युफैक्चरिंग तथा निर्यात के बड़े स्रोत के रूप में काम करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत खेड़ा का प्रशासनिक अनुभव MSME सेक्टर को नई दिशा देने में मददगार साबित हो सकता है।