कंपनी के अनुसार, यह छंटनी दुनिया भर की विभिन्न टीमों में की जाएगी। दिसंबर 2025 तक Freshworks में लगभग 4,500 फुल-टाइम कर्मचारी कार्यरत थे। कंपनी ने बताया कि इस री-स्ट्रक्चरिंग के चलते लगभग 8 मिलियन डॉलर का वन-टाइम खर्च आने की संभावना है।
Freshworks के सीईओ डेनिस वुडसाइड ने कहा कि यह फैसला कंपनी की नई रणनीति और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में तेजी से बढ़ रहे AI उपयोग को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब कंपनी के आधे से ज्यादा कोड AI टूल्स की मदद से तैयार किए जा रहे हैं, जिससे डेवलपमेंट का समय और मैन्युअल काम काफी कम हो गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अब अपने बिजनेस फोकस को और मजबूत कर रही है। Freshworks ने अपनी “गो-टू-मार्केट” रणनीति को फिर से व्यवस्थित किया है और टीमों का ध्यान Employee Experience (EX) बिजनेस की ओर बढ़ाया है।
कंपनी का कहना है कि इस री-स्ट्रक्चरिंग से होने वाली बचत को वह अपने Employee Experience बिजनेस और IT सर्विस मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म Freshservice को मजबूत करने में निवेश करेगी। Freshworks अब एंटरप्राइज ग्राहकों पर ज्यादा फोकस कर रही है।
यह पिछले दो वर्षों में कंपनी की दूसरी बड़ी छंटनी है। इससे पहले नवंबर 2024 में Freshworks ने AI आधारित बदलाव और लागत कम करने की रणनीति के तहत लगभग 660 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। छंटनी के बावजूद कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन मजबूत रहा। वर्ष 2026 की पहली तिमाही में Freshworks का रेवेन्यू 16 प्रतिशत बढ़कर 228.6 मिलियन डॉलर पहुंच गया, जो बाजार के अनुमान से बेहतर रहा।
कंपनी ने दूसरी तिमाही के लिए 232 मिलियन डॉलर से 235 मिलियन डॉलर के बीच रेवेन्यू का अनुमान जताया है। इससे संकेत मिलता है कि री-स्ट्रक्चरिंग के बावजूद कंपनी के प्रोडक्ट्स की मांग बनी हुई है।