गुरुग्राम में स्थित किचनवेयर स्टार्टअप क्यूमिन (Cumin) कंपनी ने फायरसाइड वेंचर्स के नेतृत्व में प्री-सीरीज ए फंडिंग राउंड में 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं, जिसमें एट्रीयम एंजल्स, मोकोबारा के संस्थापक संगीत अग्रवाल और नवीन परवाल और ट्रैक्सन के फाउंडर अभिषेक गोयल ने भी भाग लिया। वहीं मौजूदा निवेशक हडल वेंचर्स और अल्टेरिया कैपिटल ने भी इस फंडिंग राउंड में भाग लिया।
स्टार्टअप ने बताया कि इस नई पूंजी का उपयोग अपनी विशेष एनामेल कोटिंग प्रक्रिया के अनुसंधान और विकास को आगे बढ़ाने, आंतरिक विनिर्माण क्षमताओं को विकसित करने और विभिन्न विभागों में टीमों का विस्तार करने के लिए किया जाएगा। इस धनराशि का एक हिस्सा उपभोक्ताओं को स्वास्थ्य-केंद्रित बर्तनों और रोजमर्रा की खाना पकाने में लॉन्ग टर्म सिक्योरिटी संबंधी बातों के बारे में शिक्षित करने के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा।
पिछले साल अगस्त में, स्टार्टअप ने फायरसाइड वेंचर्स के नेतृत्व में और हडल वेंचर्स की भागीदारी के साथ 1.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की फंडिंग हासिल की।
उदित लेखी और निहारिका जोशी द्वारा फरवरी साल 2025 में स्थापित यह स्टार्टअप व्यक्तिगत अनुभव से प्रेरित है। फाउंडर्स को सुरक्षित खाना पकाने के बर्तनों के विकल्पों की खोज करने की प्रेरणा तब मिली जब उन्हें चिंता हुई कि पारंपरिक बर्तनों से निकलने वाले सूक्ष्म एल्यूमीनियम कण उनके बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन में प्रवेश कर सकते हैं।
क्यूमिन कंपनी एक डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर ब्रांड के रूप में काम करती है, जो डच ओवन, पैन और तवा जैसे इनेमल कोटेड कास्ट आयरन कुकवेयर पेश करती है। इसके उत्पादों को विष-मुक्त बताया जाता है और इन्हें इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि इनमें आमतौर पर नॉन-स्टिक या मेटल कुकवेयर में पाए जाने वाले रसायनों का इस्तेमाल न हो।
यह ब्रांड अपनी खुद की वेबसाइट, अमेज़न और ब्लिंकइट, ज़ेप्टो और इंस्टामार्ट जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफार्मों के माध्यम से बिक्री करता है।
यह फंडिंग साल 2025 में स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाले कुकवेयर क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों के बीच आई है। एम्बर कुकवेयर ने लगभग 3.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए , जबकि डी2सी कुकवेयर और उपकरण स्टार्टअप ईडीटी ने प्री-सीड राउंड में 1.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए। इस श्रेणी में शामिल प्रतिस्पर्धियों में प्रेस्टीज, हॉकिन्स, मेयर इंडिया, वंडरशेफ और बर्गनर आदि शामिल हैं।