एडटेक कंपनी upGrad ने मुकेश मुंद्रा को अपना नया मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) नियुक्त किया है। वह वेंकटेश तारक्कड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने करीब दो वर्षों तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी। कंपनी ने यह नियुक्ति ऐसे समय में की है, जब वह अपने अंतरराष्ट्रीय विस्तार और रणनीतिक विकास योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है।
मुकेश मुंद्रा एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और सर्टिफाइड फाइनेंशियल एनालिस्ट हैं। उनके पास मीडिया, दूरसंचार, विनिर्माण और उपभोक्ता क्षेत्रों में 26 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में वित्तीय नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई है और लंबे समय तक कॉरपोरेट फाइनेंस एवं बिजनेस स्ट्रैटेजी से जुड़े रहे हैं।
मुंद्रा इससे पहले जियोस्टार में फाइनेंस डिवीजन का नेतृत्व कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने वायाकॉम18 मीडिया में आठ वर्षों से अधिक समय तक सीएफओ के रूप में कार्य किया। अपने शुरुआती करियर के दौरान उन्होंने आइडिया सेल्युलर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और आनंद राठी ग्रुप जैसी कंपनियों में भी काम किया है।
वित्तीय रणनीति और वैश्विक विस्तार पर रहेगा फोकस
upGrad में अपनी नई भूमिका के तहत मुकेश मुंद्रा कंपनी के वित्तीय और प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह वित्तीय योजना, बिजनेस सहयोग, कॉरपोरेट गवर्नेंस और विस्तार योजनाओं की निगरानी करेंगे। साथ ही कंपनी के अंतरराष्ट्रीय विकास प्रयासों को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका होगी।
कंपनी के, को-फाउंडर और चेयरपर्सन रॉनी स्क्रूवाला ने कहा कि मुकेश मुंद्रा का डीप फाइनेंशियल एक्सपीरियंस और बड़े उपभोक्ता व्यवसायों के साथ काम करने का अनुभव upGrad की नेतृत्व टीम को मजबूत करेगा। उनके अनुसार, वित्त, गवर्नेंस और बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन की समझ कंपनी के वैश्विक संचालन और दीर्घकालिक विकास रणनीति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शिक्षा क्षेत्र में विस्तार की तैयारी
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब upGrad शिक्षा क्षेत्र में अपने विस्तार को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी का फोकस डिजिटल शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और वैश्विक बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, upGrad फिलहाल Unacademy के प्रस्तावित अधिग्रहण की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। हालांकि यह डील अभी नियामकीय समीक्षा के अधीन है। विशेषज्ञों का मानना है कि नए CFO की नियुक्ति कंपनी की भविष्य की विकास योजनाओं और वित्तीय रणनीति को नई मजबूती दे सकती है।