Nasscom ने घोषणा की, कि Fractal के को-फाउंडर और ग्रुप सीईओ श्रीकांत वेलामकन्नी को नया चेयरपर्सन बनाया गया है। साथ ही KPIT के को-फाउंडर, सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर किशोर पाटिल को वाइस चेयरपर्सन चुना गया है। वेलामकन्नी इससे पहले वाइस चेयरपर्सन के रूप में काम कर चुके हैं और पिछले छह वर्षों से Nasscom की एग्जीक्यूटिव काउंसिल का हिस्सा रहे हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) दुनिया भर में तकनीकी क्षेत्र को तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने कहा, “इस महत्वपूर्ण समय में Nasscom के चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालकर मुझे खुशी हो रही है। AI की प्रगति कंपनियों को अपने बिजनेस को नए तरीके से विकसित करने के बड़े अवसर दे रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस बदलाव में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, खासकर AI आधारित विकास और नए जॉब रोल्स के लिए वर्कफोर्स तैयार करने में।
राजेश नांबियार (Rajesh Nambiar) और एग्जीक्यूटिव काउंसिल के साथ मिलकर वेलामकन्नी AI आधारित सेवाओं को बढ़ाने, नए प्रोडक्ट्स में इनोवेशन को बढ़ावा देने, डीप-टेक क्षमताओं को मजबूत करने और जिम्मेदार AI फ्रेमवर्क को आगे बढ़ाने पर ध्यान देंगे।
राजेश नांबियार ने कहा कि “श्रीकांत के पास उद्यमिता और AI की गहरी समझ का अनोखा मिश्रण है।” उन्होंने यह भी कहा कि Nasscom भारत को AI आधारित बदलाव में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ाता रहेगा।
पूर्व चेयरपर्सन सिंधु गंगाधरन ने कहा कि इस बदलाव के दौर में Nasscom का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात रही है और उन्हें भरोसा है कि श्रीकांत इस मिशन को आगे और मजबूत करेंगे।
श्रीकांत वेलामकन्नी AI और उद्यमिता के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं और वे AI तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े नीति-निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।