दिल्ली में स्थित हेल्थ-टेक स्टार्टअप निवान केयर (Nivaan Care) ने सीरीज़-A फंडिंग राउंड में 7 मिलियन अमेरिकी डॉलर की पूंजी जुटाई है। इस निवेश दौर का नेतृत्व सोरिन इन्वेस्टमेंट्स ने किया, जबकि कंपनी के मौजूदा निवेशकों डब्ल्यू हेल्थ वेंचर्स, एंडिया पार्टनर्स और रीब्राइट पार्टनर्स ने भी इसमें भागीदारी की। यह फंडिंग निवान केयर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निवान केयर एक सिंगल-स्पेशियलिटी इंटरवेंशनल पेन मैनेजमेंट चेन है, जो दर्द प्रबंधन के लिए आधुनिक और न्यूनतम इनवेसिव चिकित्सा प्रक्रियाओं पर केंद्रित है। कंपनी इस नई पूंजी का उपयोग भारत के विभिन्न शहरों में अपने क्लिनिक नेटवर्क का विस्तार करने, अपने क्लिनिकल और ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने तथा दर्द प्रबंधन से जुड़ी उन्नत और कम जटिल चिकित्सा तकनीकों के निरंतर विकास के लिए करेगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी 2025 में कंपनी ने 4.25 मिलियन अमेरिकी डॉलर की सीड फंडिंग जुटाई थी, जिसका नेतृत्व एंडिया पार्टनर्स ने किया था और इसमें डब्ल्यू हेल्थ वेंचर्स ने भी भाग लिया था। लगातार मिल रही निवेशकों की यह भागीदारी निवान केयर के बिज़नेस मॉडल और इसके दीर्घकालिक विकास की संभावनाओं में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
निवान केयर (Nivaan Care) की स्थापना वर्ष 2023 में निवेश खंडेलवाल और विश्वास सिंह द्वारा की गई थी। यह स्टार्टअप पुरानी (क्रॉनिक) दर्द संबंधी समस्याओं के लिए गैर-सर्जिकल और न्यूनतम इनवेसिव उपचारों पर केंद्रित है। निवान केयर सिंगल-स्पेशियलिटी क्लिनिक संचालित करता है, जहां पीठ, घुटने और गर्दन के दर्द जैसी समस्याओं का समाधान मल्टी-डिसिप्लिनरी केयर मॉडल के माध्यम से किया जाता है। इस मॉडल के अंतर्गत दर्द विशेषज्ञ चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, न्यूट्रिशनिस्ट और केयर कोऑर्डिनेटर मिलकर प्रत्येक मरीज के लिए व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार करते हैं।
वर्तमान में निवान केयर दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में अपने क्लिनिक संचालित कर रहा है, साथ ही जयपुर और लखनऊ जैसे सैटेलाइट बाज़ारों में भी इसकी मौजूदगी है। स्टार्टअप के अनुसार, अब तक वह 40,000 से अधिक मरीज परामर्श और लगभग 5,000 न्यूनतम इनवेसिव प्रक्रियाएं पूरी कर चुका है। उपचार के बाद बड़ी संख्या में मरीजों ने दर्द में उल्लेखनीय कमी और दैनिक जीवन की कार्यक्षमता में सुधार की जानकारी दी है।
निवान केयर के, को-फाउंडर और चीफ चीफ एग्जीक्यूटिव निवेश खंडेलवाल के अनुसार, भारत में लगभग हर पांच में से एक वयस्क व्यक्ति क्रॉनिक दर्द से प्रभावित है, लेकिन इसके लिए उपलब्ध उपचार प्रणाली अब भी बिखरी हुई है, जो अक्सर बुनियादी फिजियोथेरेपी और इनवेसिव सर्जरी के बीच झूलती रहती है। उन्होंने कहा कि निवान केयर साक्ष्य-आधारित, समर्पित ‘मिडिल लेयर’ केयर मॉडल विकसित कर रहा है, जो रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन और प्लेटलेट-रिच प्लाज़्मा (PRP) थेरेपी जैसी न्यूनतम इनवेसिव प्रक्रियाओं पर केंद्रित है और जिसे मल्टी-डिसिप्लिनरी ढांचे के माध्यम से प्रदान किया जाता है।
निवान केयर के, को-फाउंडर और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) विश्वास सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे कंपनी अपने विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है, उसका प्रमुख फोकस उत्कृष्ट निष्पादन, मज़बूत ऑपरेटिंग सिस्टम और विभिन्न स्थानों पर मरीजों के लिए निर्बाध तथा समान अनुभव सुनिश्चित करने पर है। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी बेंगलुरु सहित नए बाज़ारों में प्रवेश करने की योजना बना रही है।
संस्थापक टीम को हेल्थकेयर और उपभोक्ता-केंद्रित व्यवसायों को बड़े पैमाने पर विकसित करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। निवेश खंडेलवाल इससे पहले रिज़ IVF में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, जबकि विश्वास सिंह ने टाटा 1mg और शटल (Shuttl) जैसी कंपनियों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं। यह अनुभव निवान केयर को एक सुदृढ़ संचालन ढांचा विकसित करने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।