बेंगलुरु में स्थित हेल्थ-टेक स्टार्टअप Biopeak ने 2.7 मिलियन डॉलर की फॉलो-ऑन फंडिंग जुटाई है। इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व NKSquared ने किया है, जो Zerodha के, को-फाउंडर निखिल कामथ का निवेश मंच है। यह Biopeak में निखिल कामथ का दूसरा निवेश है। इससे पहले उन्होंने अगस्त 2024 में 1.43 मिलियन डॉलर का निवेश किया था।
स्टार्टअप इस नई पूंजी का इस्तेमाल अपने ऑपरेशंस बढ़ाने के लिए करेगा। इसमें नया क्लिनिक खोलना, डायग्नोस्टिक्स को मजबूत करना, अपनी खुद की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक को बेहतर बनाना, रिसर्च गतिविधियों को समर्थन देना और नए क्लिनिकल प्रोग्राम विकसित करना शामिल है।
2025 में ऋषि पारदल और शिवा सुब्रमणियन द्वारा सह-स्थापित Biopeak, AI-आधारित मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, इमेजिंग और विशेषज्ञों द्वारा संचालित प्रोग्राम प्रदान करता है, जिनका उद्देश्य लोगों की सेहत और जीवन-काल को बेहतर बनाना है। कंपनी का मॉडल 'फैमिली हेल्थ ऑफिस' जैसा है, जिसमें लंबी और स्वस्थ उम्र के लिए व्यक्तिगत योजनाएं दी जाती हैं। इसमें ऑर्गेनिक एसिड प्रोफाइलिंग, माइक्रोबायोम मैपिंग, जीनोमिक टेस्टिंग, सलाइवरी कॉर्टिसोल रिदम और MRI, CT, DXA व ECHO जैसी इमेजिंग तकनीकों का उपयोग किया जाता है।
Biopeak के अपने क्लिनिक पोषण, नींद और तनाव से जुड़ी जानकारियों के आधार पर विशेष इलाज प्रदान करते हैं। यह स्टार्टअप खास तौर पर उच्च पदों पर काम करने वाले पेशेवरों, बिज़नेस लीडर्स और महिलाओं पर ध्यान देता है। इसके प्रोग्राम उन्नत डायग्नोस्टिक्स, वियरेबल डेटा, विशेषज्ञ टीमों और AI-आधारित सुझावों को जोड़ते हैं, जो भारतीय शरीर संरचना और बीमारियों के पैटर्न के अनुसार तैयार किए जाते हैं।
पिछले एक साल में Biopeak ने अपने ग्राहकों और क्लिनिकल सेवाओं का दायरा बढ़ाया है, क्योंकि लोगों में लॉन्गेविटी (दीर्घायु) सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ी है। पिछले साल बेंगलुरु में अपना पहला क्लिनिक शुरू करने के बाद, कंपनी अगले महीने दूसरा क्लिनिक खोलने की योजना बना रही है।