इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) ने घोषणा की कि उसकी नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Rorr Evo ने लॉन्च के केवल 15 दिनों में 25,000 बुकिंग का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी जून 2026 से इस बाइक की डिलीवरी शुरू करने की तैयारी कर रही है। भारतीय इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में यह सबसे तेज़ मांग जुटाने वाले मॉडलों में से एक माना जा रहा है।
कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर ग्राहकों के लिए पेमेंट पोर्टल भी शुरू कर दिया है, जहां पहले 10,000 खरीदार ₹99,999 (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर बाइक बुक कर सकते हैं। इसके बाद मोटरसाइकिल की कीमत 1,24,999 (एक्स-शोरूम) होगी।
ओबेन इलेक्ट्रिक के सीईओ और संस्थापक मधुमिता अग्रवाल ने कहा कि बुकिंग के आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि भारतीय उपभोक्ता अब ऐसी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल अपनाने के लिए तैयार हैं जो परफॉरमेंस, रोजमर्रा की उपयोगिता और भरोसेमंद ओनरशिप अनुभव प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट भारत की अगली ईवी ग्रोथ वेव का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है।
रिटेल विस्तार के तहत कंपनी वर्तमान में 18 राज्यों के 100 से ज्यादा शहरों में 150 से ज्यादा शोरूम और सर्विस सेंटर संचालित कर रही है। कंपनी की योजना FY27 के अंत तक 200 नए एक्सक्लूसिव शोरूम जोड़ने की है।
तकनीकी रूप से, Rorr Evo में 9 kW पीक आउटपुट वाला आईपीएमएसएम (IPMSM )मोटर दिया गया है, जो 250 Nm व्हील टॉर्क पैदा करता है और बाइक को 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 3 सेकंड में पहुंचाने में सक्षम है। इसकी टॉप स्पीड 110 किमी/घंटा है। बाइक में 3.4 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जो IDC प्रमाणित 180 किमी की रेंज प्रदान करती है। यह 90 मिनट में 0 से 80% तक फास्ट चार्ज हो सकती है और बैटरी पर 8 साल की वारंटी मिलती है।
कंपनी के अनुसार, Rorr Evo में 5-इंच TFT डिस्प्ले, OTA अपडेट्स, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, जियो-फेंसिंग, रिमोट इम्मोबिलाइजेशन और इमरजेंसी SOS जैसे स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। ओबेन (Oben) का कहना है कि उसका AI आधारित SmartIQ सिस्टम राइडिंग परिस्थितियों के अनुसार रेंज को 15% तक बढ़ा सकता है।
ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) अपने बैटरी, मोटर, चार्जर, कंट्रोल यूनिट और सॉफ्टवेयर सिस्टम्स का निर्माण बेंगलुरु स्थित 3.5 एकड़ के प्लांट में इन-हाउस करता है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता एक लाख मोटरसाइकिल है। कंपनी का कहना है कि यह वर्टिकल इंटीग्रेशन उसे क्वालिटी, लागत और उत्पादन समय पर बेहतर नियंत्रण देता है।