क्लियरट्रिप (Cleartrip) ने अपनी लीडरशिप टीम को मजबूत करते हुए पल्लवी सक्सेना को नया चीफ मार्केटिंग एंड रेवेन्यू ऑफिसर (CMRO) नियुक्त किया है। अपनी नई भूमिका में वह कंपनी की मार्केटिंग रणनीति के साथ-साथ ग्रोथ प्लानिंग और इनसाइट्स से जुड़े कार्यों का नेतृत्व करेंगी।
पल्लवी सक्सेना इससे पहले Flipkart में एक दशक से अधिक समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण बिजनेस कैटेगरी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा चुकी हैं। हाल ही में वह फ्लिपकार्ट में सीनियर डायरेक्टर के रूप में लाइफस्टाइल सेगमेंट में मार्केटिंग, रेवेन्यू और कस्टमर ग्रोथ फंक्शन का नेतृत्व कर रही थीं। उन्हें कस्टमर-फर्स्ट रणनीति, कैटेगरी बिल्डिंग और डेटा-ड्रिवन ग्रोथ प्लानिंग का व्यापक अनुभव है।
क्लियरट्रिप की चीफ ग्रोथ एंड बिजनेस ऑफिसर मंजरी सिंघल ने कहा कि पल्लवी की नियुक्ति कंपनी के लिए एक अहम चरण में हुई है। उनके अनुसार, फ्लिपकार्ट में लंबे अनुभव के कारण पल्लवी बड़े पैमाने पर बिजनेस बनाने, तेज़ी से आगे बढ़ने और ग्राहक-केंद्रित सोच के साथ काम करने की संस्कृति को अच्छी तरह समझती हैं, जो क्लियरट्रिप के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं पल्लवी सक्सेना ने कहा कि क्लियरट्रिप इस समय अपने सफर के एक रोमांचक दौर में है। उनके अनुसार, यात्रा उद्योग तेजी से अधिक अनुभव-आधारित और प्रतिस्पर्धी बन रहा है, ऐसे में मजबूत ब्रांड पहचान, बेहतर स्टोरीटेलिंग और स्मार्ट रेवेन्यू रणनीति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक ऐसा एकीकृत मार्केटिंग और रेवेन्यू सिस्टम तैयार करना होगा जो ग्राहकों को केंद्र में रखकर कंपनी की अगली ग्रोथ को आगे बढ़ाए।