कंपनी के अनुसार, इस डील में Anomaly के ट्रेडमार्क, ब्रांड एसेट्स और डिजिटल प्रॉपर्टीज शामिल हैं। इसके साथ ही Reliance Retail को ब्रांड की पूरी बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) का स्वामित्व मिल गया है। हालांकि, इस सौदे की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
साल 2021 में लॉन्च हुए Anomaly ने खुद को एक clean, vegan और performance-driven हेयरकेयर ब्रांड के रूप में स्थापित किया है। यह ब्रांड किफायती कीमतों पर हेयरकेयर प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराता है और शुरुआत के बाद से कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ा चुका है।
Reliance Retail अब अपने बड़े ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क और ओम्नीचैनल प्लेटफॉर्म्स, जैसे Tira, के जरिए Anomaly का विस्तार करेगी। कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण भारत में नए दौर के तेजी से बढ़ते ब्यूटी ब्रांड्स के पोर्टफोलियो को मजबूत करने की उसकी रणनीति का हिस्सा है।
ईशा अंबानी ने कहा कि Anomaly को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम है। उन्होंने कहा कि ब्रांड की मजबूत वैश्विक पहचान, clean formulation philosophy और किफायती कीमतें इसे कंपनी के इकोसिस्टम के लिए एक बेहतरीन जोड़ बनाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि Reliance Retail भारत में अपने ओम्नीचैनल नेटवर्क और उपभोक्ता समझ का उपयोग करके ब्रांड को तेजी से बढ़ाने की योजना बना रही है, साथ ही इसके अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी जारी रखा जाएगा।
कंपनी ने बताया कि भारत Anomaly के लिए प्राथमिक बाजारों में शामिल होगा। भारतीय ग्राहकों के बालों और स्कैल्प की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए प्रोडक्ट्स विकसित किए जाएंगे। साथ ही ब्रांड का विस्तार North America, United Kingdom और Middle East जैसे बाजारों में भी किया जाएगा।
प्रियंका चोपड़ा जोनस ब्रांड से क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में जुड़ी रहेंगी और प्रोडक्ट इनोवेशन तथा ब्रांड दिशा की जिम्मेदारी संभालेंगी प्रियंका चोपड़ा जोनस ने कहा कि यह Anomaly के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्तिगत यात्रा के रूप में शुरू हुआ यह ब्रांड अब वैश्विक पहचान और बड़े उद्देश्य वाला ब्रांड बन चुका है और Reliance Retail के साथ यह नई साझेदारी इसके लिए नया अध्याय साबित होगी।
यह डील Reliance Retail के तेजी से बढ़ते ब्यूटी पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगी, क्योंकि कंपनी लगातार प्रीमियम और डिजिटल-फर्स्ट ब्रांड्स में निवेश कर रही है।