इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी Simple Energy ने भारतीय बाजार में अपना नया Simple Wave इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे खास तौर पर भारतीय परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। Simple Wave तीन वेरिएंट में उपलब्ध होगा और इसकी कीमत ₹1,09,999 से शुरू होती है। स्कूटर की बुकिंग कंपनी के सभी टचपॉइंट्स पर शुरू हो गई है।
सिंपल वेव की सबसे बड़ी खासियत इसका 70 लीटर तक का स्टोरेज स्पेस है। इसमें 4 लीटर का नया Pill auxiliary storage compartment, 63 लीटर तक का अंडर-सीट स्टोरेज और 3 लीटर का ग्लव बॉक्स शामिल है। टॉप मॉडल Simple Wave+ में 5 kWh बैटरी दी गई है, जो 243 किमी तक की IDC रेंज देती है और इसकी टॉप स्पीड 90 किमी प्रति घंटा है। इसमें 6.4 kW PMSM मोटर दी गई है। अन्य मॉडल 3.7 kWh, 2.7 kWh और 2.2 kWh बैटरी विकल्पों के साथ आते हैं।
स्कूटर में Ride, Eco और ECOX जैसे राइडिंग मोड दिए गए हैं, जबकि ऊंचे वेरिएंट में Sport मोड भी मिलता है। इसमें 7-इंच TFT या 5-इंच EBN डिस्प्ले का विकल्प है। TFT वेरिएंट में Bluetooth, GPS, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और म्यूजिक कंट्रोल, USB चार्जिंग और OTA अपडेट जैसे फीचर्स मिलते हैं। कुछ वेरिएंट में ट्रैक्शन कंट्रोल, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, हिल होल्ड, रिवर्स और क्रॉल मोड भी दिए गए हैं। स्कूटर में IP67 रेटेड बैटरी और मोटर प्रोटेक्शन भी है।
सिंपल एनर्जी के फाउंडर और सीईओ सुहास राजकुमार ने कहा कि Simple Wave कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण लॉन्च है और इसे भारत में परिवारों की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। कंपनी के पास फिलहाल 3,000 यूनिट प्रति माह की उत्पादन क्षमता है और करीब 75 आउटलेट्स के जरिए 63 शहरों में हर महीने लगभग 1,500 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेच रही है। कंपनी मार्च 2027 तक मासिक बिक्री को 10,000 यूनिट तक पहुंचाने की योजना बना रही है। अब तक कंपनी ने कुल ₹736 करोड़ की फंडिंग जुटाई है, जिसमें हालिया ₹250 करोड़ का फंडिंग राउंड भी शामिल है।