भारत के यूज़्ड-कार मार्केटप्लेस स्पिन्नी (Spinny) ने इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला (Tesla Inc.) के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य भारतीय उपभोक्ताओं के लिए इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) वाहनों से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बदलाव को आसान बनाना है।
इस साझेदारी के तहत स्पिन्नी, टेस्ला का प्रेफर्ड एक्सचेंज पार्टनर बनेगा और टेस्ला ओनरशिप के साथ अपने कार-सेलिंग प्लेटफॉर्म को इंटीग्रेट करेगा। यह सहयोग टेस्ला के ‘स्विच एंड सेव’ (Switch and Save) प्रोग्राम का हिस्सा है, जो ईवी अपनाने की प्रक्रिया को सरल बनाकर इलेक्ट्रिक कारों को अधिक सुलभ बनाने पर केंद्रित है।
इस पहल के जरिए ग्राहकों को वित्तीय लाभ भी मिलेंगे। टेस्ला के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत ग्राहकों को 3 लाख रुपये तक का एक्सचेंज इंसेंटिव मिलेगा, जबकि स्पिन्नी की ओर से डिलीवरी पर 25,000 तक का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा।
ग्राहकों के लिए फाइनेंसिंग विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिसमें 6 लाख की डाउन पेमेंट पर 49,000 से शुरू होने वाली मासिक किस्तें शामिल हैं। इसके अलावा, टेस्ला का दावा है कि कम ऑपरेटिंग और मेंटेनेंस लागत के चलते प्रीमियम पेट्रोल या डीजल कारों की तुलना में ईवी मालिकों को हर महीने ₹20,000 तक की बचत हो सकती है।
टेस्ला मॉडल Y खरीदने वाले ग्राहकों को एक कॉम्प्लिमेंट्री वॉल कनेक्टर भी मिलेगा, जिससे घर पर चार्जिंग संभव होगी। टेस्ला के अनुसार, इससे चार्जिंग लागत लगभग 1 रुपये प्रति किलोमीटर तक आ सकती है।
ग्राहक अपनी मौजूदा कार को स्पिन्नी ऐप, स्पिन्नी हब या सीधे टेस्ला सेंटर पर बेच सकते हैं। स्पिन्नी के फाउंडर और सीईओ नीरज सिंह ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय उपभोक्ताओं के लिए ईवी में बदलाव को आसान और लाभकारी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
वैल्यूएशन और डॉक्युमेंटेशन जैसी जटिलताओं को दूर कर, स्पिन्नी और टेस्ला का लक्ष्य उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ाना और भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की संभावनाओं का बेहतर इस्तेमाल करना है।